सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर में साइबर ठगी का भंडाफोड़: मैट्रिमोनियल साइट के नाम पर चल रहा कॉल सेंटर, 6 गिरफ्तार
फतेहपुर जनपद में साइबर क्राइम पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह मैट्रिमोनियल वेबसाइट के नाम पर लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना टीम ने 31 मार्च 2026 को राधानगर थाना क्षेत्र के देवीगंज में किराए के मकान में संचालित कॉल सेंटर पर छापा मारकर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया। जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य यादव, अनिल कुमार, दिनेश कुमार बंजारे, नीलम, तनु शर्मा और श्रेया मिश्रा शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में मोबाइल फोन, सिम कार्ड, कंप्यूटर, सीसीटीवी उपकरण और ₹72,930 नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे “uniquerishtey.com” वेबसाइट के माध्यम से शादी के इच्छुक लोगों के मोबाइल नंबर प्राप्त करते थे। इसके बाद उन्हें कॉल कर अलग-अलग पैकेज (₹2,999 से ₹19,999 तक) ऑफर करते और QR कोड के जरिए पैसे अपने खातों में मंगाते थे।
गिरोह द्वारा व्हाट्सएप पर फर्जी लड़के-लड़कियों के फोटो भेजकर लोगों का विश्वास जीता जाता था। फोटो पसंद आने पर संपर्क नंबर दिया जाता, लेकिन पैसे मिलने के बाद संपर्क तोड़ दिया जाता था। यह कॉल सेंटर पिछले लगभग 18 महीनों से संचालित हो रहा था।
इस गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था और NCRP पोर्टल पर देश के विभिन्न राज्यों से दर्जनों शिकायतें दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है। इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को ₹15,000 का पुरस्कार भी दिया गया है।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)



0 टिप्पणियाँ