सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
गाजीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्कूलों में चोरी करने वाले 5 शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद
फतेहपुर जनपद के थाना गाजीपुर पुलिस, इंटेलिजेंस विंग एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए स्कूलों में चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी का भारी मात्रा में सामान और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 मार्च 2026 को कम्पोजिट विद्यालय सोनबरसा बहुआ में अज्ञात चोरों द्वारा विद्यालय का ताला तोड़कर कंप्यूटर सिस्टम, रसोई का सामान सहित अन्य सामग्री चोरी कर ली गई थी। इसी विद्यालय में 30 मार्च की रात को पुनः चोरी की घटना सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी जाफरगंज के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर 1 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर मोहल्ले में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जो चोरी के सामान का बंटवारा करने की तैयारी कर रहे थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में राकेश विश्वकर्मा, अरविंद कुमार, वीरेंद्र कुमार लोधी, सुरेश कुमार लोधी एवं गुलाम रसूल शामिल हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के ग्रामीण स्कूलों को निशाना बनाते थे और वहां से गैस सिलेंडर, कंप्यूटर, पंखे व अन्य सामान चोरी कर सस्ते दामों में बेच देते थे।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से गैस सिलेंडर, कंप्यूटर सेट, मॉनिटर, यूपीएस, प्रोजेक्टर, पंखे, मिक्सी, ड्रिल मशीन सहित बड़ी संख्या में घरेलू व तकनीकी सामान बरामद किया है। साथ ही चोरी में प्रयुक्त औजार भी कब्जे में लिए गए हैं।
इस सफलता के लिए पुलिस टीम को 15,000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)


0 टिप्पणियाँ