सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर: सरकंडी ग्रामसभा में 60 लाख का घोटाला, ग्राम प्रधान पुष्पा देवी हिरासत में, जांच तेज
फतेहपुर/असोथर।
जनपद फतेहपुर के असोथर विकासखंड अंतर्गत सरकंडी ग्रामसभा में सामने आए करीब 60 लाख रुपये के कथित घोटाले के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार तड़के राधानगर और असोथर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम प्रधान पुष्पा देवी पत्नी संतोष द्विवेदी को उनके राधानगर स्थित आवास से हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरकंडी ग्रामसभा में बीते काफी समय से सरकारी विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और लाभार्थी चयन प्रक्रिया को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आ रही थीं। आरोप है कि कई योजनाओं में कागज़ों पर कार्य पूर्ण दर्शाया गया, जबकि मौके पर स्थिति इसके विपरीत पाई गई।
इन शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए प्रशासन ने जांच समिति का गठन किया था।
हाल ही में जांच टीम के गांव पहुंचने के दौरान हुए विवाद और हंगामे के बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया। इसी क्रम में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए यह कार्रवाई की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ग्राम प्रधान से विकास कार्यों, भुगतान प्रक्रिया और अभिलेखों से जुड़े अहम बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है। जांच में अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
वहीं दूसरी ओर, प्रधान पति एवं भाजपा नेता संतोष द्विवेदी ने इस कार्रवाई को एकपक्षीय करार देते हुए प्रशासन पर सौतेला व्यवहार अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिना स्पष्ट एफआईआर के भारी पुलिस बल के साथ की गई कार्रवाई से जनता में गलत संदेश गया है।
इधर, कार्रवाई के बाद असोथर, सरकंडी और राधानगर क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। समर्थक और विरोधी पक्षों के बीच चर्चाओं का दौर तेज है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता और पुलिस निगरानी बढ़ा दी है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जा रही है। सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की नजरें टिकी हुई हैं।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ