“SIR का विरोध मत कीजिए… शिक्षा से खत्म होगी दहेज की बीमारी” – फतेहपुर में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के बड़े बयान, सपा कार्यकर्ता नजरबंद

सियासत पर नजर, फतेहपुर 

                                     (हर खबर पर हमारी पकड़)

“SIR का विरोध मत कीजिए… शिक्षा से खत्म होगी दहेज की बीमारी” – फतेहपुर में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के बड़े बयान, सपा कार्यकर्ता नजरबंद


फतेहपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जनपद फतेहपुर के दौरे के दौरान एक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा, सामाजिक कुरीतियों, महिला सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं को लेकर कई अहम संदेश दिए।


राज्यपाल ने कहा कि “SIR का विरोध नहीं किया जाना चाहिए। शिक्षक समाज का मार्गदर्शक होता है और शिक्षा के माध्यम से ही दहेज जैसी सामाजिक बीमारी को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा से ही संस्कार, समानता और सामाजिक सुधार संभव हैं।


उन्होंने देश में घुसपैठ की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार इस पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) ने देश की शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव आने वाले वर्षों में दिखाई देगा।


राज्यपाल ने आंगनबाड़ी केंद्रों में जनसहयोग से हुए कार्यों की सराहना की, लेकिन यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाएं अभी तक अंतिम लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पाई हैं। इसके लिए प्रशासन को और अधिक सक्रिय प्रयास करने की आवश्यकता है।


उन्होंने घरौनी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना से ग्रामीणों को उनके आवास की स्पष्ट पहचान मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

महिला उत्पीड़न के मुद्दे पर राज्यपाल ने कहा कि किशोरियों के संस्कार, व्यवहार और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने एचपीवी वैक्सीन को किशोर बच्चियों के लिए बेहद जरूरी बताते हुए इसके व्यापक टीकाकरण पर जोर दिया।

🚨 सपा कार्यकर्ता नजरबंद, दांदों पुल भ्रष्टाचार का आरोप:

इधर, राज्यपाल से मिलने जा रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने नजरबंद कर लिया। सपा कार्यकर्ता किशनपुर थाना क्षेत्र के दांदों पुल में कथित भ्रष्टाचार की शिकायत राज्यपाल से करना चाहते थे।

सपा नेताओं का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा निर्मित दांदों पुल में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है और निर्माण में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। पुल की खराब स्थिति के कारण लाखों की आबादी प्रभावित हो रही है।
पुलिस द्वारा सपा कार्यकर्ताओं को नजरबंद किए जाने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है और विपक्ष ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है।

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ