सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर पुलिस मुठभेड़: ₹25 हजार का इनामिया बदमाश मोहम्मद फिरोज घायल, तमंचा, मोबाइल व बेहोश करने की दवा बरामद
फतेहपुर, 05 अगस्त 2026
जनपद फतेहपुर के थाना कल्यानपुर पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए ₹25 हजार के इनामिया बदमाश मोहम्मद फिरोज को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार 04/05 अगस्त 2026 की रात्रि थाना कल्यानपुर क्षेत्र के चौड़गरा-जहानाबाद मार्ग से खजुहा रोड नहर के पास संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान बदमाश से मुठभेड़ हुई। आत्मसमर्पण करने के बजाय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहम्मद फिरोज पुत्र मोहम्मद अनीश, निवासी सालेपुर, थाना करारी, जनपद कौशाम्बी, उम्र लगभग 42 वर्ष के रूप में हुई है। वह थाना कल्यानपुर के कई मामलों तथा थाना औंग में दर्ज एक अन्य मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर ₹25,000 का पुरस्कार घोषित था।
बरामदगी:
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया— एक अवैध तमंचा (.315 बोर), दो खोखा कारतूस (315 बोर), एक जिंदा कारतूस (.315 बोर), चार मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड, एक अपाचे मोटरसाइकिल, बेहोश करने वाली दवा का एक पत्ता, पार्ले बिस्कुट के दो पैकेट
अपराधिक इतिहास:
पुलिस के अनुसार मोहम्मद फिरोज के विरुद्ध जनपद फतेहपुर के विभिन्न थानों के अतिरिक्त अन्य जनपदों में भी डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी भी एकत्र की जा रही है।
घटना के संबंध में थाना कल्यानपुर पुलिस द्वारा नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)



0 टिप्पणियाँ