फतेहपुर: अवैध कब्जे की गलत रिपोर्ट पर लेखपाल सस्पेंड, नशे में मिले तहसीलदार भी निलंबित


फतेहपुर में अवैध कब्जे की गलत रिपोर्ट पर लेखपाल सस्पेंड, नशे में मिले तहसीलदार भी निलंबित

SPN NEWS  

उत्तर प्रदेश, फतेहपुर : जिले में दो अलग-अलग मामलों में सरकारी कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी सी इंदुमती ने अवैध कब्जे के मामले में गलत रिपोर्ट लगाने पर लेखपाल कौशल पटेल को सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई एसडीएम बिंदकी की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है।



सियासत पर नजर संवाददाता के अनुसार जिलाधिकारी सी इंदुमती ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि और अन्य सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लेखपाल कौशल पटेल पर आरोप है कि उन्होंने एक अवैध कब्जे के मामले में गलत रिपोर्ट सौंपी थी। इस रिपोर्ट को सही साबित करने के लिए किए गए प्रयास असफल रहे और जांच में यह साबित हो गया कि रिपोर्ट में जानबूझकर गलत जानकारी दी गई थी। एसडीएम बिंदकी की विस्तृत जांच के बाद लेखपाल को सस्पेंड करने का निर्णय लिया गया।


दूसरे मामले में, खागा तहसील के नायब तहसीलदार ऐरायां विश्व दीपक त्रिपाठी को निलंबित कर दिया गया है। त्रिपाठी को संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर शराब के नशे में धुत पाया गया था। इससे पहले भी, तीन मई को ड्यूटी टाइम के दौरान अपने चैंबर में शराब के नशे में मिले थे। 

डीएम सी इंदुमती ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस जनता की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित किया जाता है, और ऐसे में सरकारी अधिकारियों का नशे में होना बेहद गंभीर मामला है। एसडीएम खागा की रिपोर्ट के आधार पर नायब तहसीलदार को निलंबित करने का फैसला लिया गया।

इन कार्रवाइयों के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है। फतेहपुर डीएम सी इंदुमती ने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ