जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न: सभी विभागों को निर्देश, समयबद्धता और गुणवत्ता पर जोर

सियासत पर नजर, फतेहपुर 

                                (हर खबर पर हमारी पकड़)

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न: सभी विभागों को निर्देश, समयबद्धता और गुणवत्ता पर जोर

फतेहपुर 14 नवम्बर, 2024

फतेहपुर जिले में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में महात्मा गाँधी सभागार में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सीएम डैस बोर्ड पर आधारित विकास कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया।


जिलाधिकारी ने पंचायती राज विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में किए गए कार्यों के भुगतान में देरी न हो और बजट के अनुसार कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तरीय बैठकों में संबंधित अधिकारी अवश्य प्रतिभाग करें और पंचायत स्तर पर दिव्यांग पेंशनधारकों का आधार प्रमाणीकरण जल्द से जल्द सुनिश्चित करें।

इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने उप कृषि निदेशक को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश दिया। शादी अनुदान योजना और पिछड़ा वर्ग कल्याण योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों का जल्द निस्तारण करने की भी हिदायत दी गई।


जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन परियोजनाओं की समयसीमा तय करते हुए अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण को हर घर जल योजना की प्रगति से अवगत कराने का निर्देश दिया। पशु चिकित्सा अधिकारी को पशुओं के टीकाकरण में समयबद्धता का पालन करने के लिए कहा गया।

बैंकिंग सुविधाओं की सुधार हेतु, एलडीएम को बैंक शाखाओं में बैंक सखी चयन की प्रक्रिया को तेज करने का निर्देश दिया। साथ ही, सड़कों के निर्माण में बाधा बन रहे विद्युत पोलों की सिफ्टिंग कार्य को समन्वय स्थापित कर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आगामी बैठक में सभी अद्यतन जानकारी के साथ प्रतिभाग करने की हिदायत दी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, और अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाएँ उपस्थित रहीं।

(ब्यूरो चीफ फतेहपुर, 9936330179)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ