फतेहपुर: रेलवे ने रैन बसेरे की बिजली काटी, प्रशासनिक प्रयास विफल

सियासत पर नजर, फतेहपुर 

                                 (हर खबर पर हमारी पकड़)

फतेहपुर: रेलवे ने रैन बसेरे की बिजली काटी, प्रशासनिक प्रयास विफल

फतेहपुर 21 दिसम्बर, 2024

फतेहपुर रेलवे स्टेशन के सामने यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए अस्थायी रैन बसेरे की बिजली गुरुवार को रेलवे विद्युत विभाग ने अवैध कनेक्शन बताकर काट दी। इस कार्रवाई से प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे अपर जिलाधिकारी अविनाश त्रिपाठी और अपर जिलाधिकारी धीरेंद्र प्रताप ने बिजली आपूर्ति बहाल करने की अपील की, लेकिन रेलवे अधिकारियों ने इसे उच्चाधिकारियों के निर्देश से जोड़ दिया।


रैन बसेरे में अंधकार, इमरजेंसी लाइटों का सहारा:

नगर पालिका द्वारा रेलवे स्टेशन के सामने यात्रियों के लिए अस्थायी रैन बसेरा तैयार किया गया था, जिसमें रेलवे कैंपस से बिजली कनेक्शन लेकर प्रकाश की व्यवस्था की गई थी। रेलवे विद्युत विभाग ने इसे अवैध मानते हुए बिजली काट दी। रैन बसेरे की देखरेख करने वाले केयरटेकर ने तुरंत यह जानकारी अधिशासी अधिकारी को दी।

बिजली आपूर्ति बाधित रहने का आज दूसरा दिन:

रैन बसेरे में बिजली आपूर्ति बाधित होने से यात्री और कर्मचारी परेशान हो गए। प्रशासन ने तत्काल स्थिति संभालने के लिए इमरजेंसी लाइटों का इंतजाम किया।

रात करीब 11 बजे अपर जिलाधिकारी अविनाश त्रिपाठी और धीरेंद्र प्रताप ने मौके पर पहुंचकर रेलवे अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने जनहित में बिजली आपूर्ति बहाल करने का अनुरोध किया। रेलवे के स्टेशन अधीक्षक ने मामले को बिजली विभाग पर टालते हुए इसे उच्चाधिकारियों से चर्चा का विषय बताया।

पीसीएस परीक्षार्थी भी रैन बसेरे में रुके, लाइट कटने से हुये परेशान:

रविवार को होने वाली पीसीएस परीक्षा की परीक्षार्थी पूजा आर्या, जोकि कौशाम्बी जिले से फतेहपुर में परीक्षा देने आयी है और रेलवे स्टेशन के इसी रैन बसेरे में रुकी हुई हैं, भी बिजली कटी होने से हुई परेशान।


नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए रेलवे के अवर अभियंता से वार्ता की गई है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से चर्चा के बाद ही कनेक्शन जोड़ने की बात कही है। इमरजेंसी लाइटों के सहारे व्यवस्था फिलहाल जारी है।

बिजली कटौती के कारण रैन बसेरे में ठहरे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन और रेलवे के बीच इस खींचतान से यात्रियों की सुविधा बाधित हो रही है। मामला अब रेलवे के उच्चाधिकारियों पर निर्भर है।

(ब्यूरो चीफ फतेहपुर, 9936330179)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ