सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
सांस्कृतिक धरोहर बटेश्वर स्टेशन को मिली नई पहचान, ‘डी’ से ‘बी’ श्रेणी में हुआ उन्नयन
आगरा | रेलवे समाचार
सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व से जुड़े बटेश्वर रेलवे स्टेशन को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। आगरा डिवीजन द्वारा बटेश्वर (बीएएसआर) स्टेशन को ‘डी’ श्रेणी के हॉल्ट स्टेशन से उन्नत कर ‘बी’ श्रेणी के क्रॉसिंग स्टेशन में परिवर्तित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
वर्तमान में बटेश्वर स्टेशन भंडाई–उदीमोर रेलखंड पर बाह (एचएबी) और फतेहाबाद (एफएबी) स्टेशनों के मध्य स्थित एक ‘डी’ श्रेणी का स्टेशन है। प्रस्तावित उन्नयन से इस क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
बटेश्वर का ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व अत्यंत विशेष है। यह भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्मस्थली है। इसके अतिरिक्त यमुना नदी के तट पर स्थित प्राचीन शिव मंदिरों के कारण यह क्षेत्र धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है।
हर वर्ष आयोजित होने वाला विश्व प्रसिद्ध बटेश्वर पशु मेला देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आकर्षित करता है, जिससे रेल यातायात की आवश्यकता और अधिक बढ़ जाती है।
🚆 प्रस्तावित विकास कार्यों में शामिल हैं:
750 मीटर लंबाई की दो लूप लाइनों का निर्माण
एल-टाइप स्टेशन भवन एवं स्टेशन परिसर का विकास
एक उच्च-स्तरीय प्लेटफ़ॉर्म का निर्माण
यात्रियों के लिए परिसंचरण क्षेत्र (सर्कुलेटिंग एरिया) का विकास
जलापूर्ति व्यवस्था हेतु टैंक, बोरवेल एवं पंप हाउस
दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएँ व न्यूनतम आवश्यक यात्री सुविधाएँ
सिग्नलिंग व दूरसंचार प्रणाली, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग
लूप लाइनों हेतु ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) में आवश्यक संशोधन
इस उन्नयन से न केवल स्थानीय यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि बटेश्वर के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन महत्व को भी नई पहचान प्राप्त होगी। रेलवे का यह कदम क्षेत्रीय विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा।
(प्रेस इन्फारमेशन ब्यूरो)
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ