बारा फी टोल प्लाज़ा घटना पर एनएचएआई की सख्त कार्रवाई, एजेंसी का अनुबंध रद्द

सियासत पर नजर, फतेहपुर 

                                       (हर खबर पर हमारी पकड़)

बारा फी टोल प्लाज़ा घटना पर एनएचएआई की सख्त कार्रवाई, एजेंसी का अनुबंध रद्द

नई दिल्ली, 16 जनवरी 2026। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने उत्तर प्रदेश के बारा फी टोल प्लाज़ा पर राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ता के साथ कथित मारपीट की गंभीर घटना को देखते हुए यूज़र शुल्क संग्रहण एजेंसी एम/एस स्काईलार्क इन्फ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। यह टोल प्लाज़ा एनएच-731 के लखनऊ–सुल्तानपुर खंड पर स्थित है।


एनएचएआई ने एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए घटना पर स्पष्टीकरण मांगा है और उसे एक वर्ष तक भविष्य की किसी भी निविदा अथवा अनुबंध प्रक्रिया से वंचित करने का प्रस्ताव किया है। साथ ही मौजूदा अनुबंध के अंतर्गत जमा की गई ₹5.3 करोड़ की बैंक गारंटी/परफॉर्मेंस सिक्योरिटी को जब्त कर भुनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि अनुबंध की शर्तों के अनुसार टोल प्लाज़ा पर तैनात कर्मियों को आम जनता के साथ शालीनता और अनुशासन बनाए रखना अनिवार्य है। इस घटना को इन शर्तों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए एजेंसी की निगरानी व्यवस्था और अनुबंधीय दायित्वों के पालन में भारी चूक बताया गया है।

एनएचएआई ने दोहराया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सर्वोपरि है तथा टोल प्लाज़ाओं पर किसी भी प्रकार के कदाचार या अनुशासनहीनता के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी।

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ