सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर: भूमि विवाद में भाई ने किया धोखाधड़ी, पीड़ित ने मांगा न्याय
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के आबूनगर क्षेत्र में एक संपत्ति विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया है, जब एक व्यक्ति ने अपने भाई पर धोखाधड़ी और धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित राजू लोधी ने स्थानीय प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित के अनुसार, उनकी मां, स्वर्गीय शिवदुलारी, के नाम पर एक प्लॉट था, जिसे उन्होंने अपने जीवनकाल में सतीश और सुधीर नामक व्यक्तियों को 46 लाख रुपये में बेचा था। यह विक्रय 17 दिसंबर 2022 को संपन्न हुआ था। बिक्री के समय सतीश ने वादा किया था कि वह रजिस्ट्री के बाद सभी परिवार के सदस्यों को उनके हिस्से के अनुसार राशि का भुगतान करेगा।
हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि सतीश ने अपने वादे से मुकरते हुए राजू लोधी को उनके हिस्से की 8 लाख रुपये की राशि नहीं दी। पीड़ित ने इस मामले में थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद सतीश ने गवाहों के सामने एक सुलह समझौता किया और 6 लाख रुपये देने का वादा किया। सतीश ने 29 मई 2024 को पीड़ित की पत्नी के खाते में 1.5 लाख रुपये ट्रांसफर किए, लेकिन शेष राशि देने से इनकार कर दिया।
इस विवाद में पहले से चल रहे एक मुकदमे को पीड़ित ने सुलह के तहत वापस ले लिया, लेकिन इसके बावजूद सतीश ने शेष राशि का भुगतान नहीं किया। हाल ही में, 7 अगस्त 2024 को कलेक्ट्रेट परिसर में सतीश और राजू लोधी के बीच हुई मुलाकात के दौरान सतीश ने राजू को गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित राजू लोधी ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि वह सतीश और सुधीर के खिलाफ कार्रवाई करे और उनके हिस्से की शेष राशि उन्हें दिलाई जाए। साथ ही, यदि सतीश इसमें हीला हवाली करता है, तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे दंडित किया जाए।
इस विवाद ने फतेहपुर में खासी चर्चा बटोरी है और अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
(ब्यूरो चीफ फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ