सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर: शादीशुदा महिला का कथित धर्मांतरण, चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
यूपी फतेहपुर जिले के बकेवर थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा हिंदू महिला के कथित धर्मांतरण का मामला सामने आया है। इस संबंध में महिला के पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला कानपुर नगर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के सिकवाड़ा गांव का है, जहां से आरोपी अमन कुरैशी (30) पुत्र अबरार कुरैशी, महिला को बहलाकर अपने साथ ले गया और उसका धर्म परिवर्तन करा दिया।
महिला के पिता के अनुसार, अमन कुरैशी पहले से ही उनकी बेटी पर नजर रखे हुए था। एक साल पहले हुई बेटी की शादी के बाद, जब वह ससुराल से मायके आई थी, तो अमन ने उसे बहलाकर अपने साथ ले गया। यह घटना 9 मई की बताई जा रही है, जब महिला घर से अचानक गायब हो गई।
पिता का कहना है कि जब उन्होंने अमन और उसके पिता से संपर्क किया, तो उन्हें धमकी दी गई और कहा गया कि उनकी बेटी अब "संध्या से शबनम" बन चुकी है। आरोप है कि अमन कुरैशी, उसके पिता अबरार, साला नफीस और पत्नी मुबीना सहित अन्य मौलवी मिलकर धर्म परिवर्तन का एक सिंडिकेट चलाते हैं, जो लड़कियों को बहला-फुसलाकर धर्मांतरण कराते हैं और फिर उनका निकाह कराते हैं।
एफआईआर दर्ज कराने के लिए महिला के पिता को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश पर शनिवार को बकेवर पुलिस ने अमन कुरैशी, अबरार कुरैशी, मुबीना और नफीस कुरैशी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी कांति सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और समाज में धार्मिक सद्भाव और महिला सुरक्षा से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
(ब्यूरो चीफ फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ