सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर जिले में थरियांव सरिया कांड: पुलिस संरक्षणदाताओं को बचाने में जुटी
फतेहपुर जिले के थरियांव सरिया कांड में पुलिस के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस आधा दर्जन संरक्षणदाताओं को बचाने में जुटी हुई है। घटना स्थल पर पहुंचे आईजी प्रेम गौतम को एक रजिस्टर मिला, जिसमें संरक्षणदाताओं के नाम और हफ्ता वसूली की रकम दर्ज थी।
रजिस्टर में दर्ज हैं, संरक्षणदाताओं के नाम:
रजिस्टर में रोजाना की बिक्री और खरीददारी के साथ-साथ सरिया कांड से जुड़े रसूखदारों को दी जाने वाली रकम का भी उल्लेख था। यह साफ हो गया कि अपराध की मंडी में संरक्षणदाताओं का नाम खुलकर सामने आया है, जो हफ्ते में मोटी रकम और घर बनाने के लिए सरिया लेते थे। सूत्रों के मुताबिक, इन लोगों को विवेचना से दूर कर दिया गया है।
शहर बना कबाड़ियों का हब:
फतेहपुर शहर कबाड़ियों का हब बन गया है। बाईपास इलाके में एक दर्जन से अधिक बड़े गोदाम बनाए गए हैं, जबकि पीरनपुर और अरबपुर इन कबाड़ियों के प्रमुख अड्डे बन चुके हैं। शहर में रोजाना गली-गली निकलने वाले ठेलों के माध्यम से कबाड़ की होने वाली खरीद इतनी नहीं है कि बड़े गोदामों में डंप किया जा सके। न ही कोई ऐसी फैक्ट्री है जो हर रोज ट्रकों से कबाड़ खरीद सके। ऐसे में इतनी बड़ी मात्रा में कबाड़ के गोदामों का होना बड़ा सवाल खड़ा करता है।
चोरी का कबाड़ और संरक्षणदाता:
बताया जाता है कि फतेहपुर ही नहीं, बल्कि गैर जिलों का चोरी का कबाड़ भी यहां डंप होता है। रेलवे के कबाड़ की चोरी भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा है, जिसकी पूरी तरह से जांच होनी चाहिए। इन कबाड़ियों के अलग-अलग संरक्षणदाता हैं, जिनमें कोई वकील है तो कोई सफेदपोश नेता है। ये लोग कबाड़ियों को फाइनेंस करते हैं और रकम बढ़ाकर वसूलते हैं। खाकी भी इन कार्यों में मददगार है।
चोरी की बाइकें?
चोरी की बाइकों को एक घंटे में ही हजम कर जाना इन कबाड़ियों के बाएं हाथ का खेल है। अब देखना यह है कि नवागन्तुक एसपी ऐसे कार्यों को रोकने में क्या पारदर्शिता अपनाते हैं। इस पर तमाम सवाल खड़े हैं और सभी की निगाहें टिकी हैं।
आईजी प्रेम गौतम ने चोरी की सरिया की खरीद-फरोख्त के मामले में एसओ समेत आधा दर्जन से अधिक पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही करके ईमानदारी का बड़ा संदेश दिया है, लेकिन स्थानीय कर्ताधर्ताओं ने आईजी की मंशा को भी पलीता लगा दिया है। शहर में कबाड़ियों की बढ़ती सक्रियता और पुलिस की भूमिका पर गहरी चिंता जताई जा रही है।
(ब्यूरो चीफ फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ