पुरानी रंजिश के चलते व्यक्ति पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला

सियासत पर नजर, फतेहपुर 

                                 (हर खबर पर हमारी पकड़)

पुरानी रंजिश के चलते व्यक्ति पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला

फतेहपुर बिन्दकी, 26, अगस्त 2024।

जनपद फतेहपुर के कोतवाली बिन्दकी क्षेत्र के ग्राम भवानीपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम भवानीपुर निवासी दिनेश कुमार पुत्र मयाराम पर जाफराबाद गांव जाते समय तीन व्यक्तियों द्वारा जानलेवा हमला किया गया।

घटना 24 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है, जब दिनेश कुमार अपनी ससुराल जाफराबाद जा रहे थे। तभी रास्ते में जाफराबाद निवासी सोहनलाल, सुशील, और सुरेश, तीनों पुत्र स्वर्गीय किशन कुशवाहा ने उनका रास्ता रोका और अभद्र गाली-गलौज करते हुए उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में दिनेश कुमार के सिर, हाथ, कमर और पैर पर गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उन्हें बुरी तरह से मारा-पीटा और मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए।


दिनेश कुमार किसी तरह बेहोशी की हालत से बाहर आकर अपने घरवालों को सूचित किया, जिसके बाद रात करीब 1 बजे उन्हें कोतवाली बिन्दकी लाया गया। पुलिस ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए बिन्दकी के सरकारी अस्पताल (C.H.C.) भेजा, जहां उनका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना पुरानी रंजिश का परिणाम है। पीड़ित दिनेश कुमार ने कोतवाली बिन्दकी में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है, और स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।

(ब्यूरो चीफ फतेहपुर, 9936330179)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ