सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट अब तक अधूरा, मरीजों की जान जोखिम में
फतेहपुर: जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट का काम निजी कंपनी की लापरवाही के कारण अब तक पूरा नहीं हो पाया है, जिससे मरीजों की जान खतरे में पड़ सकती है। यह प्लांट कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन की भारी कमी को देखते हुए लगाया जा रहा था। प्लांट का काम 60 लाख रुपए की लागत से किया जाना था, जिसका ठेका आईनॉक्स कंपनी को दिया गया था। कंपनी को 2022-23 तक इसे पूरा करके अस्पताल को हैंडओवर करना था, लेकिन अब तक यह काम अधूरा पड़ा है।
अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी बनी गंभीर समस्या
फतेहपुर के सदर अस्पताल में फिलहाल एक छोटा ऑक्सीजन प्लांट संचालित किया जा रहा है, जो अस्पताल में आने वाले हजारों मरीजों की ऑक्सीजन जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है। बड़ी संख्या में मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल को बड़े ऑक्सीजन प्लांट की जरूरत है। लेकिन आईनॉक्स कंपनी की लापरवाही के चलते यह प्लांट अब तक चालू नहीं हो पाया है।
यूपीपीसीएल संस्था को प्लांट के सिविल काम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसे उन्होंने समय से पूरा कर हैंडओवर कर दिया। इसके बावजूद आईनॉक्स कंपनी ने अभी तक सिलेंडर फिटिंग और अन्य तकनीकी कार्य पूरे नहीं किए हैं, जिससे अस्पताल में ऑक्सीजन सप्लाई को लेकर संकट की स्थिति बनी हुई है।
जिम्मेदारों का गोलमोल जवाब
जब इस मामले में जिला अस्पताल के अधिकारियों से संपर्क किया गया, तो उन्होंने गोलमोल जवाब देकर मामले को टालने की कोशिश की। यह स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब देखा जाए कि जिला अस्पताल में रोज़ाना हजारों की संख्या में मरीज आते हैं, जिनमें से कई मरीजों को ऑक्सीजन की तुरंत आवश्यकता होती है।
कोरोना महामारी के दौरान अस्पताल में ऑक्सीजन की किल्लत ने कई लोगों की जानें ली थीं। इसके बाद जिला प्रशासन ने अस्पताल में एक बड़े ऑक्सीजन प्लांट को लगाने का फैसला किया था, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटा जा सके। लेकिन कंपनी की लापरवाही के कारण यह प्लांट अब तक चालू नहीं हो पाया है, जिससे भविष्य में संभावित आपातकालीन स्थिति के दौरान अस्पताल पर भारी दबाव पड़ सकता है।
आखिर जिम्मेदार कौन?
इस लापरवाही के पीछे कौन जिम्मेदार है, यह सवाल अब स्थानीय जनता और अस्पताल प्रशासन के बीच चर्चा का विषय बन गया है। आईनॉक्स कंपनी द्वारा समय पर काम न पूरा करने से मरीजों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। अगर यह प्लांट जल्द ही चालू नहीं होता, तो किसी गंभीर स्थिति में अस्पताल ऑक्सीजन संकट का सामना करने के लिए तैयार नहीं होगा।
(ब्यूरो चीफ फतेहपुर, 9936330179)


0 टिप्पणियाँ