सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
निजी स्कूलों की मनमानी पर लगाम जरूरी: जिले में शुल्क नियामक समिति गठन की मांग तेज
फतेहपुर – जनपद में निजी विद्यालयों की मनमानी पर लगाम लगाने की मांग तेज होती जा रही है। युवा विकास समिति एवं व्यापार मंडल (कंछल गुट) द्वारा सोमवार को जिलाधिकारी फतेहपुर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) पर आरोप लगाया गया कि निजी विद्यालयों से मिलीभगत के चलते जिले में जिला शुल्क नियामक समिति का गठन नहीं किया जा रहा, जबकि इसकी मांग जनवरी माह से लगातार की जा रही है।
ज्ञापन में बताया गया कि निजी विद्यालय CBSE के निर्देशों की अनदेखी कर मनमानी शुल्क वसूली कर रहे हैं और छात्रों को महंगी निजी प्रकाशकों की पुस्तकें खरीदने पर मजबूर किया जा रहा है। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधक व प्रकाशकों की साठ-गांठ से एक विशेष दुकान से ही महंगी किताबें खरीदने का दबाव बनाया जाता है, जिससे चार से पाँच गुना अधिक कीमत वसूली जाती है।
युवा विकास समिति के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा ने कहा कि अभिभावकों के साथ आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने एनसीईआरटी की पुस्तकों को अनिवार्य करने और स्कूलों द्वारा निजी प्रकाशकों की किताबें थोपने की प्रक्रिया को बंद कराने की मांग की।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ला ने बताया कि कुछ दुकानों को निजी स्कूलों द्वारा अधिकृत कर दिया गया है और वहां से पुस्तकें खरीदने पर ही बच्चों को मान्यता दी जा रही है। इसके पीछे स्कूल प्रबंधनों और दुकानदारों के बीच नगद कमीशन का लेन-देन हो रहा है।
संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन द्वारा शीघ्र हस्तक्षेप कर उचित कार्यवाही नहीं की गई तो वे व्यापक धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
उपस्थित प्रमुख लोग:
कंचन मिश्र, नारायण गुप्ता, जितेंद्र सिंह यादव उर्फ सोनू, सर्वेश यादव, सुनील कुमार गुप्त, प्रमोद गुप्ता, दीपक साहू, अमिताभ शुक्ल, अनुपम शुक्ल, संजय दत्त द्विवेदी, विकास श्रीवास्तव, अवधेश शुक्ला, आफताब खान, गुड्डू मिश्रा, दीपचंद, भूपेंद्र सिंह यादव, संजय सिंह सहित कई अन्य कार्यकर्ता और अभिभावक उपस्थित रहे।
(ब्यूरो चीफ फतेहपुर, 9936330179)


0 टिप्पणियाँ