सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर में 07 से 11 जून तक साफ मौसम, गर्मी का प्रकोप जारी
फतेहपुर, 07 जून 2025
भारतीय मौसम विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र, फतेहपुर के कृषि मौसम वैज्ञानिक वसीम खान द्वारा जारी ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी पांच दिनों (07 जून से 11 जून 2025 तक) जिले में मौसम पूरी तरह से साफ बने रहने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादलों की उपस्थिति नगण्य रहेगी और बारिश की कोई उम्मीद नहीं है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिमी दिशा से चलने वाली गर्म और शुष्क हवाएं (लू) लोगों को प्रभावित कर सकती हैं।
हवा की गति सामान्य बनी रहेगी, जिससे राहत की संभावना कम है। यह मौसम विशेष रूप से वृद्धजनों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे में नागरिकों को दिन के समय विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
कृषि सलाह:
खेतों में सिंचाई का उचित प्रबंधन करें।
पशुओं के लिए छायादार स्थान एवं स्वच्छ पानी की व्यवस्था करें।
किसानों को सलाह दी जाती है कि गर्मी के दौरान फसल अवशेष को न जलाएं, इससे पर्यावरण प्रदूषण और अग्नि दुर्घटनाएं हो सकती हैं।
स्वास्थ्य सुझाव:
अत्यधिक गर्मी में बाहर निकलने से बचें।
हल्के, सूती कपड़े पहनें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
लू से बचने के लिए घर से निकलते समय सिर को ढँकें।
इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र, फतेहपुर द्वारा समय-समय पर स्थानीय किसानों को मौसम संबंधी सलाह उपलब्ध कराई जाती रहेगी।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ