सियासत पर नजर, लखनऊ
(हर खबर पर हमारी पकड़)
यूपी में खत्म होगी कोटेदारी व्यवस्था, योगी सरकार का बड़ा ऐलान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश में जल्द ही कोटेदारी की व्यवस्था खत्म कर दी जाएगी। अब खाद्यान्न वितरण में बिचौलियों की भूमिका नहीं रहेगी और सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाएगी।
योगी आदित्यनाथ लखनऊ के साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में पोषण अभियान और सुपोषण स्वास्थ्य मेला के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाएं यदि पूरी ईमानदारी से अंतिम छोर तक पहुंचा दी जाएं, तो प्रदेश में भूख, बीमारी और कुपोषण से कोई भी व्यक्ति नहीं मरेगा।
मुख्यमंत्री ने सरकारी खाद्यान्न वितरण प्रणाली में लंबे समय से चले आ रहे भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार किया। उन्होंने बताया कि सत्ता संभालने के तुरंत बाद प्रदेश सरकार ने 30 लाख फर्जी राशन कार्ड रद्द किए थे। इससे न केवल वास्तविक लाभार्थियों को न्याय मिला बल्कि सरकारी खजाने को भी बड़ी बचत हुई।
योगी ने कहा कि वर्तमान में मात्र 13 हजार कोटेदारों के यहां इलेक्ट्रॉनिक प्वाइंट ऑफ सेल (EPOS) मशीनें लगाई गई हैं, जिससे हर साल करीब 350 करोड़ रुपये की बचत हो रही है। यदि प्रदेश के सभी 80 हजार कोटेदारों के यहां यह तकनीक लागू कर दी जाए तो लगभग 2000 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष बचाए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने साफ संदेश दिया कि कोटेदारों को कहा जाएगा कि वे कोई दूसरा व्यवसाय कर लें, क्योंकि सरकार अब सब्सिडी सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाएगी। साथ ही उन्होंने पोषण मिशन से जुड़ी सहायता राशि भी डीबीटी के माध्यम से भेजने पर जोर दिया।
यह फैसला प्रदेश की सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
(न्यूज़ डेस्क, लखनऊ, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ