सीबीआई की बड़ी कार्रवाई: सीजीएसटी झांसी में 70 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए अधिकारी, 5 गिरफ्तार

सियासत पर नजर, झांसी/फतेहपुर 

                                       (हर खबर पर हमारी पकड़)

सीबीआई की बड़ी कार्रवाई: सीजीएसटी झांसी में 70 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए अधिकारी, 5 गिरफ्तार

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में सीबीआई ने 70 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए दो अधिकारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जबकि कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी की गई है।


सीबीआई द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 30 दिसंबर 2025 को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप है कि सीजीएसटी झांसी में तैनात उप आयुक्त (आईआरएस – सी एंड आईटी, 2016 बैच), दो अधीक्षक, एक अधिवक्ता तथा एक निजी कंपनी के स्वामी ने मिलकर एक निजी फर्म को जीएसटी चोरी के मामलों में अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए लगभग 1.5 करोड़ रुपये की अवैध मांग की थी।

जांच के दौरान सीबीआई ने जाल बिछाया और रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 70 लाख रुपये स्वीकार करते हुए दो अधीक्षकों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह बात सामने आई कि यह राशि उप आयुक्त के निर्देश पर ली जा रही थी। इसके बाद सीबीआई ने अन्य संलिप्त व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया।


छापेमारी के दौरान सीबीआई को आरोपियों के ठिकानों से लगभग 90 लाख रुपये नकद, संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा भारी मात्रा में सोना-चांदी और आभूषण बरामद हुए हैं। अब तक कुल लगभग 1.60 करोड़ रुपये नकद की बरामदगी हो चुकी है। तलाशी और जांच की कार्रवाई अभी भी जारी है।

गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्तों को चिकित्सीय परीक्षण के बाद संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:
श्रीमती प्रभा भंडारी – उप आयुक्त, सीजीएसटी झांसी (आईआरएस-सी एंड आईटी, 2016 बैच)
अनिल तिवारी – अधीक्षक, सीजीएसटी झांसी
अजय कुमार शर्मा – अधीक्षक, सीजीएसटी झांसी
राजू मंगतानी – स्वामी, एम/एस जय दुर्गा हार्डवेयर
नरेश कुमार गुप्ता – अधिवक्ता

यह कार्रवाई सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार के विरुद्ध सीबीआई की सख्त नीति को दर्शाती है और यह संदेश देती है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।

(PIB Press Release)

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ