फतेहपुर की एआरटीओ पुष्पांजलि मित्रा गौतम निलंबित, राजीव कुमार को मिला अतिरिक्त प्रभार

सियासत पर नजर, फतेहपुर 

                                     (हर खबर पर हमारी पकड़)

फतेहपुर की एआरटीओ पुष्पांजलि मित्रा गौतम निलंबित, राजीव कुमार को मिला अतिरिक्त प्रभार

फतेहपुर।

जनपद फतेहपुर की सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) श्रीमती पुष्पांजलि मित्रा गौतम को उत्तर प्रदेश शासन द्वारा गंभीर आरोपों के आधार पर निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई विशेष सचिव, परिवहन अनुभाग-3, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ के आदेश दिनांक 31 दिसम्बर 2025 के क्रम में की गई है।


कार्यालय सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रयागराज द्वारा जारी आदेश संख्या 06/सा०प्र०/एआरटीओ कार्य निर्वहन निर्देश/2025, दिनांक 01 जनवरी 2026 के अनुसार श्रीमती पुष्पांजलि मित्रा गौतम पर कदाचार, सरकारी सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन, कर्तव्यहीनता तथा शासकीय राजस्व को क्षति पहुँचाने जैसे गंभीर आरोप प्रथम दृष्टया पाए गए हैं। इन आरोपों को प्रशासनिक पारदर्शिता, विभागीय अनुशासन एवं लोकहित के प्रतिकूल मानते हुए उन्हें तात्कालिक प्रभाव से निलंबित कर मुख्यालय से सम्बद्ध किया गया है।

वर्तमान में जनपद फतेहपुर में किसी अन्य सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) की तैनाती न होने के कारण जनहित एवं राजकीय कार्यों के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए राजीव कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), प्रयागराज द्वितीय दल को फतेहपुर जनपद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे अपने मूल कार्यों के साथ-साथ फतेहपुर में एआरटीओ (प्रशासन) के समस्त दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

इस आदेश की प्रतिलिपि परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी फतेहपुर, अपर परिवहन आयुक्त (प्रशासन/प्रवर्तन), उप परिवहन आयुक्त कानपुर सहित संबंधित अधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है।

निलंबन की इस कार्रवाई से परिवहन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और आगे की विभागीय जांच पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ