फतेहपुर: आयुष्मान आरोग्य मेले का निरीक्षण, लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश

सियासत पर नजर, फतेहपुर 

                                       (हर खबर पर हमारी पकड़)

फतेहपुर: आयुष्मान आरोग्य मेले का निरीक्षण, लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश

फतेहपुर | 15 दिसम्बर 2025

डा० संजू अग्रवाल, डायरेक्टर हेल्थ (स्टेट मेला प्रभारी) एवं डा० अलका शर्मा, ऐडिशनल डायरेक्टर (नोडल एनसीडी प्रोग्राम) द्वारा गत दिवस जनपद फतेहपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गोपालगंज एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तेलियानी में आयोजित आयुष्मान आरोग्य मेले का निरीक्षण किया गया।

पूर्वान्ह 11:30 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गोपालगंज में निरीक्षण के दौरान 30 मरीज उपस्थित पाए गए, जबकि अपरान्ह 01:00 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तेलियानी में 33 मरीजों की उपस्थिति दर्ज की गई। निरीक्षण के समय गोपालगंज में डा० बृजेश कुमार एवं तेलियानी में डा० अतुल श्रीवास्तव, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।


डा० संजू अग्रवाल द्वारा आयुष्मान आरोग्य मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए प्रत्येक आशा कार्यकर्ता को कम से कम 05 मरीज मेले में लाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही औषधि वितरण कक्ष, कोल्ड चेन प्वाइंट एवं लेबर रूम का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान गोपालगंज में 02 एवं तेलियानी में 01 प्रसूता भर्ती पाई गईं। महोदया द्वारा प्रसूताओं से वार्ता की गई, जिनमें सभी ने अस्पताल द्वारा दी जा रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। सभी नवजात शिशुओं को हेपेटाइटिस-बी, विटामिन-के एवं बीसीजी का टीकाकरण शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डा० अलका शर्मा द्वारा एनसीडी (गैर संचारी रोग) कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी मरीजों का बीपी एवं शुगर परीक्षण अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए पृथक काउंटर स्थापित करने, हाई बीपी एवं शुगर पाए गए मरीजों को नियमित दवा उपलब्ध कराने, फॉलो-अप सुनिश्चित करने एवं सभी रोगियों का विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए।

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गोपालगंज में उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में डा० जयंत (आयुष चिकित्सक), अजय व पुष्पेन्द्र (डाटा एंट्री ऑपरेटर), अंजू (एसटीएस), गुलाब (एचएस), आदित्य, रवि व हिमांशु (बीएचडब्ल्यू) अनुपस्थित पाए गए। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तेलियानी में शिवांश (बीएचडब्ल्यू) अनुपस्थित मिले।

महोदया द्वारा सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए तथा भविष्य में कार्य में लापरवाही न बरतने की सख्त चेतावनी दी गई।

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)





एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ