सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन, 2.41 लाख वाद निस्तारित, 18.53 करोड़ की वसूली
फतेहपुर | 14 दिसंबर 2025
जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फतेहपुर सुधीर कुमार V के दिशा-निर्देशन में जनपद फतेहपुर में गत दिवस राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर फतेहपुर, ग्राम न्यायालय बिन्दकी, वाह्य न्यायालय खागा, तहसील सदर, खागा एवं बिन्दकी सहित जनपद के विभिन्न स्थानों पर सम्पन्न हुआ।
राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारम्भ दीवानी न्यायालय परिसर स्थित मीटिंग हाल में माॅं सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर जनपद न्यायाधीश सुधीर कुमार V के कर कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने न्यायिक अधिकारियों को अधिकाधिक वादों के सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण के निर्देश दिए।
न्यायालय परिसरों के अतिरिक्त कलेक्ट्रेट, समस्त तहसील, नगर पालिका, नगर पंचायत, श्रम कार्यालय, विद्युत वितरण खण्ड, दूरसंचार कार्यालय एवं जनपद के समस्त बैंक परिसरों में भी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आकांक्षा मिश्रा के निर्देशन में पीएलवी एवं स्टाफ द्वारा हेल्पडेस्क के माध्यम से वादकारियों को सहयोग प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों द्वारा उल्लेखनीय संख्या में वादों का निस्तारण किया गया। मोटर दुर्घटना याचिकाओं, वैवाहिक वादों, दाण्डिक, सिविल, राजस्व, बैंकिंग, विद्युत एवं श्रम विभाग से संबंधित मामलों में त्वरित न्याय प्रदान किया गया।
राजस्व न्यायालयों द्वारा 2,35,980 वादों का निस्तारण किया गया, वहीं बैंकिंग संस्थानों द्वारा 900 वादों में 10.16 करोड़ रुपये की वसूली की गई। विद्युत विभाग द्वारा 924 प्रकरणों तथा श्रम विभाग द्वारा 380 वादों का निस्तारण कर लाखों रुपये का अर्थदण्ड जमा कराया गया।
इस प्रकार राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 2,41,941 वादों का निस्तारण करते हुए 18,53,73,062 रुपये की धनराशि अर्थदण्ड व शुल्क के रूप में वसूल की गई, जो जनपद के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि रही।
अंत में अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुधीर कुमार V, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत रामकिशोर तृतीय एवं सचिव आकांक्षा मिश्रा द्वारा समस्त न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, जिला बार एसोसिएशन फतेहपुर के पदाधिकारियों एवं मीडियाकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)


0 टिप्पणियाँ