जेल गईं सरकंडी की ग्राम प्रधान पुष्पा द्विवेदी को मिली जमानत, ₹50-50 हजार के बेल बॉन्ड पर रिहाई

 सियासत पर नजर, फतेहपुर 

                                         (हर खबर पर हमारी पकड़)

जेल गईं सरकंडी की ग्राम प्रधान पुष्पा द्विवेदी को मिली जमानत, ₹50-50 हजार के बेल बॉन्ड पर रिहाई

फतेहपुर/असोथर।

असोथर विकास खंड के बहुचर्चित सरकंडी ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में हुए कथित घोटाले के मामले में जेल भेजी गईं ग्राम प्रधान पुष्पा द्विवेदी को न्यायालय से बड़ी राहत मिली है। जनपद न्यायाधीश ने प्रधान को जमानत प्रदान करते हुए ₹50-50 हजार के दो जमानती बॉन्ड दाखिल करने का आदेश दिया है। जमानत की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद देर शाम तक उनके जेल से बाहर आने की संभावना जताई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि सरकंडी ग्रामसभा में सरकारी विकास योजनाओं के तहत कराए गए कार्यों में भारी अनियमितताओं और वित्तीय घोटाले के आरोप लगे थे। जांच के बाद पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था, जिससे मामला जनपद स्तर पर काफी चर्चा में रहा।


जमानत की सुनवाई के दौरान जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता गया प्रसाद दुबे ने न्यायालय में प्रभावी दलीलें प्रस्तुत कीं। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जांच प्रक्रिया में कई तथ्यों की अनदेखी की गई है और अभियोजन पक्ष के आरोप एकपक्षीय हैं।

इस दौरान न्यायालय परिसर में बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद ग्राम प्रधान को सशर्त जमानत प्रदान की।

हालांकि प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि मामला अभी जांच के अधीन है और आगे की विधिक कार्रवाई नियमानुसार जारी रहेगी। ग्राम प्रधान की रिहाई के बाद सरकंडी गांव की राजनीति और पंचायत व्यवस्था में हलचल तेज होने के आसार हैं।

✍ रिपोर्ट: यश द्विवेदी 

📍 स्थान: असोथर, फतेहपुर

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ