रक्त सेवा कार्य में हस्तक्षेप पर व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

सियासत पर नजर फतेहपुर 

                                       (हर खबर पर हमारी पकड़)

रक्त सेवा कार्य में हस्तक्षेप पर व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

फतेहपुर। आज दिनांक 19 जनवरी 2026 को जिला उद्योग व्यापार मंडल (पंजी०) के प्रदेश अध्यक्ष रवि प्रकाश दुबे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी फतेहपुर को ज्ञापन सौंपकर जनपद में संचालित रक्त सेवा कार्यों में आ रही प्रशासनिक बाधाओं से अवगत कराया।

ज्ञापन में कहा गया कि जनपद फतेहपुर में स्वास्थ्य सेवाओं एवं सामाजिक कार्यों को लेकर प्रशासन द्वारा जो सहयोग मिलता रहा है, उसके लिए सामाजिक संस्थाएं आभारी हैं, किंतु विगत दो वर्षों से एक सरकारी संस्था से जुड़े कुछ पदाधिकारियों द्वारा गैर-सरकारी संस्था सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के रक्तदान शिविरों में अनावश्यक हस्तक्षेप किया जा रहा है।


ज्ञापन में बताया गया कि संस्था के प्रबंधक एवं जिला उद्योग व्यापार मंडल के युवा जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह विगत 8 वर्षों से निष्पक्ष रूप से रक्त सेवा कार्य कर रहे हैं। उनका उद्देश्य केवल जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है, न कि किसी प्रकार की प्रतिस्पर्धा करना।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 8 मई 2025 को जिला चिकित्सालय रक्तकेंद्र परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान सरकारी संस्था से जुड़े व्यक्तियों द्वारा नारेबाजी की गई, जिससे सेवा कार्य की गरिमा प्रभावित हुई। वर्ष 2026 में भी इसी प्रकार का दबाव पुनः बनाया गया, जबकि संस्था ने टकराव से बचने हेतु अपने शिविर का स्थान तक बदल दिया था।

इसके बावजूद सरकारी नाम व प्रभाव का हवाला देकर उसी स्थान पर शिविर कराने का दबाव बनाया गया, जिससे रक्तदाता एवं स्वयंसेवक मानसिक रूप से आहत हुए तथा समाज में नकारात्मक संदेश गया।

व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी से मांग की कि किसी भी सरकारी संगठन द्वारा गैर-सरकारी संस्थाओं पर अनुचित दबाव न बनाया जाए, सरकारी व गैर-सरकारी संस्थाओं के मध्य स्पष्ट कार्य-सीमा तय हो तथा सेवा कार्यों को स्वतंत्र रूप से संचालित करने दिया जाए।

इस अवसर पर युवा व्यापार मंडल महामंत्री एवं रक्तदाता शांतनु वर्मा, 46 बार रक्तदान कर चुके गुरमीत सिंह, 31 बार रक्तदान कर चुके राजेश मौर्य, 17 बार रक्तदान कर चुके शोभित सिंह, 13 बार रक्तदान कर चुके विनय, अजय, गौरव मिश्रा सहित अन्य रक्तदाता उपस्थित रहे।

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ