सक्षम फतेहपुर ने दिव्यांग प्रमाण पत्र शिविर में निभाई सेतु की भूमिका

सियासत पर नजर, फतेहपुर 

                                          ( हर खबर पर हमारी पकड़)

सक्षम फतेहपुर ने दिव्यांग प्रमाण पत्र शिविर में निभाई सेतु की भूमिका

फतेहपुर! समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) फतेहपुर इकाई द्वारा दिव्यांगजनों के हितार्थ एक नवीन एवं सराहनीय प्रकल्प प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र निर्गत कराने में सहायता प्रदान करना, चिकित्सकीय प्रशासन एवं दिव्यांगजनों के मध्य सेतु की भूमिका निभाना तथा उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करना शामिल है।


इसी क्रम में दिनांक 19 जनवरी 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, फतेहपुर में आयोजित दिव्यांग परीक्षण शिविर में सक्षम फतेहपुर इकाई के दिव्यांग मित्रों ने जिला सचिव सीताराम सिंह चौहान के नेतृत्व में सक्रिय सहभागिता निभाई। शिविर में कुल 65 दिव्यांगजन प्रमाण पत्र की अपेक्षा लेकर पहुंचे, जिनमें से 35 दिव्यांगजनों को परीक्षण उपरांत दिव्यांगता प्रमाण पत्र हेतु पात्र पाया गया और उन्हें प्रमाण पत्र निर्गत किए गए।

इस अवसर पर सक्षम की ओर से रज्जन लाल केशरवानी (अध्यक्ष, अनुसंधान आयाम) एवं राजेश कुमार (अध्यक्ष, रोजगार प्रकोष्ठ) विशेष रूप से उपस्थित रहे और दिव्यांगजनों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।


इसके पूर्व सक्षम कानपुर प्रांत के उपाध्यक्ष एवं प्रचार-प्रसार प्रमुख श्री पियूष द्विवेदी अपने नियमित दौरे के दौरान परीक्षण कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने शिविर व्यवस्था का निरीक्षण किया, दिव्यांगजनों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद किया तथा इस जनकल्याणकारी प्रयास की सराहना करते हुए संगठन के कार्यों का मूल्यांकन किया।


सक्षम फतेहपुर इकाई का यह प्रयास दिव्यांगजनों को अधिकार, सम्मान एवं सुविधा दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक सिद्ध हो रहा है। 

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ