क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद ने रचा रिकॉर्ड, 2025 में 3.55 लाख से अधिक पासपोर्ट जारी

सियासत पर नजर, लखनऊ/गाजियाबाद 

                                         (हर खबर पर हमारी पकड़)

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद ने रचा रिकॉर्ड, 2025 में 3.55 लाख से अधिक पासपोर्ट जारी

गाजियाबाद। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद ने वर्ष 2025 में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त करते हुए पासपोर्ट सेवाओं के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। कार्यालय द्वारा वर्ष 2025 में कुल 3,55,094 पासपोर्ट तथा 11,308 पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (PCC) जारी किए गए, जो किसी भी एक वर्ष में जारी किए गए पासपोर्टों की अब तक की सर्वाधिक संख्या है।


विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत 21 अप्रैल 2025 से पासपोर्ट सेवा प्रोग्राम वर्जन 2.0 लागू किया गया। इस नई प्रणाली के कारण पासपोर्ट निर्गमन प्रक्रिया न केवल तेज हुई, बल्कि पारदर्शिता और दक्षता भी बढ़ी। इसके साथ ही आवेदकों को ई-पासपोर्ट सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
आवेदकों की सुविधा के लिए डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों पर पासपोर्ट एवं पीसीसी अपॉइंटमेंट की संख्या लगभग दोगुनी कर दी गई। लंबित मामलों के निस्तारण के लिए “वॉक-इन सुविधा” को भी और सुदृढ़ किया गया, जिसके तहत सोमवार से गुरुवार तक बिना ऑनलाइन अपॉइंटमेंट के आवेदकों को सीधे कार्यालय आकर अपनी फाइलों का निस्तारण कराने का अवसर मिला।

कार्यालय द्वारा विशेष अभियानों के माध्यम से लंबित प्रकरणों वाले आवेदकों को पत्र भेजकर कार्यालय बुलाया गया। इसके साथ ही वर्ष 2025 में 33 शनिवारों को कार्यालय को अतिरिक्त कार्यदिवस के रूप में खोला गया। क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले पासपोर्ट सेवा केंद्र एवं डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र भी शनिवार को विशेष रूप से संचालित किए गए।

आम जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए पासपोर्ट लोक अदालतों का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने आवेदकों से संवाद कर तत्काल समाधान सुनिश्चित किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न जिलों में पासपोर्ट मेला आयोजित कर आवेदकों को विशेष सुविधाएँ प्रदान की गईं।

“पासपोर्ट सेवा आपके द्वार” योजना के तहत वर्ष 2025 में 14 प्रमुख सरकारी एवं शैक्षणिक संस्थानों में मोबाइल पासपोर्ट वैन तैनात की गई, जिससे बड़ी संख्या में आवेदकों को समयबद्ध सेवाएँ प्रदान की जा सकीं। सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने हेतु डाक विभाग, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज तथा कार्यालय कार्मिकों को नियमित प्रशिक्षण दिया गया।

आवेदकों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए ई-मेल आईडी और हेल्पलाइन नंबर आधारित विशेष तंत्र स्थापित किया गया है। साथ ही कार्यालय के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) प्लेटफॉर्म के माध्यम से पासपोर्ट संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ निरंतर साझा की जा रही हैं।

इसके अतिरिक्त पासपोर्ट सेवा केंद्र गाजियाबाद में ट्राइफेड के सहयोग से जनजातीय उत्पादों का विशेष स्टॉल स्थापित किया गया है, जो जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय पहल है।

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ