युवा विकास समिति ने धूमधाम से मनाया दसवां वार्षिकोत्सव, उत्कृष्ट सेवा भावियों का हुआ सम्मान

सियासत पर नजर, फतेहपुर 

                                       (हर खबर पर हमारी पकड़)

युवा विकास समिति ने धूमधाम से मनाया दसवां वार्षिकोत्सव, उत्कृष्ट सेवा भावियों का हुआ सम्मान

फतेहपुर। युवा विकास समिति का दसवां वार्षिकोत्सव शहर के रामा श्यामा मैरिज हॉल में बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े समाजसेवी, साहित्यकार, पत्रकार, चिकित्सक और युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक करण सिंह पटेल रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य युवाओं के सर्वांगीण विकास पर निर्भर करता है। युवा पीढ़ी राष्ट्र की तरक्की का आधार है। उन्होंने श्रीराम और श्रीकृष्ण के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि युवा अवस्था में ही उन्होंने बड़े कार्य कर समाज को दिशा दी। उसी प्रकार युवा विकास समिति भी युवा सोच और नए उत्साह के साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन का कार्य कर रही है।


पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि जिले को महत्वाकांक्षी जनपद से आगे बढ़ाते हुए नई पहचान दिलानी होगी, जिसमें युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। समिति द्वारा जरूरतमंदों की हर संभव मदद की जा रही है, जो निस्संदेह सराहनीय और अनुकरणीय है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मंच से प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी, संगठन के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा, संगठन प्रमुख संजय दत्त द्विवेदी, व्यापारी नेता शिवचंद्र शुक्ला, बुंदेलखंड बचाओ समिति के प्रवीण पांडेय, समाजसेवी लक्ष्मीचंद्र, मोना ओमर, शिक्षक नेता अनुराग मिश्रा, हेमलता पटेल, रिंकू लोहारी, विद्याभूषण तिवारी एवं रूपम मिश्रा ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लगभग 50 सेवा भावियों को सम्मानित किया गया। इनमें समाजसेवी, साहित्यकार, कवि, चिकित्सक और पत्रकार शामिल रहे। सम्मानित व्यक्तियों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सम्मान पाने वालों में सुमित मिश्रा, नीतू सिंह, ज्ञान तिवारी, विनय तिवारी, धर्मेंद्र मिश्रा, अवधेश शुक्ला, अंकित शुक्ला, वीरेंद्र यादव, शिवम सिंह गौतम, राजन तिवारी, दीप लोहारी, श्याम तिवारी, अंकित अग्निहोत्री, सुशील त्रिवेदी और अमित सिंह गौर प्रमुख रूप से शामिल रहे।


वक्ताओं ने कहा कि युवा विकास समिति के सभी कार्य इसलिए सफल होते हैं क्योंकि उनके पीछे लोकहित और पारमार्थिकता का सशक्त भाव निहित है। जो लोग दूसरों के अभाव, कष्ट और पीड़ा को देखकर संवेदना से द्रवित होते हैं, ईश्वर स्वयं उनकी सहायता करता है। समिति सदैव सकारात्मक सोच और सेवा भावना के साथ समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के बीच कार्य करती रही है।

कार्यक्रम का सफल संचालन युवा विकास समिति के जिला प्रवक्ता आलोक गौड़ ने किया। समारोह के अंत में जिलाध्यक्ष कंचन मिश्रा ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं सम्मानित व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया और समिति के सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। समारोह के दौरान पूरे हॉल में उत्साह, उमंग और सामाजिक समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ