सियासत पर नजर, प्रयागराज
(हर खबर पर हमारी पकड़)
प्रयागराज में 14 जनवरी से रेलवे स्टेशनों पर ‘वन-वे व्यवस्था’, संगम स्टेशन बंद—माघ मेला विशेष ट्रैफिक प्लान
प्रयागराज। माघ मेला के दौरान मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या और अन्य प्रमुख स्नान पर्वों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को सुरक्षित एवं व्यवस्थित दिशा देने के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। 13 जनवरी की आधी रात से प्रयागराज के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ‘वन-वे व्यवस्था’ प्रभावी हो जाएगी। इस व्यवस्था के तहत यात्रियों के प्रवेश और निकास के रास्ते अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं। अब जिस गेट से स्टेशन में प्रवेश होगा, उसी गेट से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी।
प्रयागराज जंक्शन के लिए जारी दिशा-निर्देश के अनुसार
प्रवेश: केवल लीडर रोड (सिटी साइड) से
निकास: सिविल लाइंस साइड से
मकर संक्रांति से मौनी अमावस्या तक 14 से 20 जनवरी के बीच सिविल लाइंस की ओर से प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। अनारक्षित यात्रियों की सुविधा के लिए यात्री आश्रयों के भीतर टिकट काउंटर स्थापित किए जाएंगे ताकि प्लेटफॉर्म तक पहुँच आसान हो सके।
संगम स्टेशन 20 जनवरी तक बंद:
भीड़ नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए दारागंज स्थित प्रयागराज संगम स्टेशन को 20 जनवरी तक बंद कर दिया गया है। इस अवधि में यहां से किसी भी यात्री की आवाजाही नहीं होगी।
अन्य स्टेशनों पर भी ‘एकल दिशा व्यवस्था:
सूबेदारगंज स्टेशन:
प्रवेश – झलवा रोड की ओर से
निकास – जीटी रोड की ओर से
छिवकी स्टेशन:
प्रवेश – सीओडी रोड गेट से
निकास – जीईसी रोड की ओर से
नैनी जंक्शन:
प्रवेश – प्लेटफॉर्म नंबर 1
निकास – प्लेटफॉर्म नंबर 4
स्नान पर्वों तक चलेगी चौकसी।
मंडल पीआरओ अमित कुमार सिंह के अनुसार यह व्यवस्था केवल मकर संक्रांति व मौनी अमावस्या पर ही नहीं बल्कि बसंत पंचमी, माघी पूर्णिमा और महाशिवरात्रि के अवसर पर भी लागू रहेगी। प्रत्येक स्नान पर्व से एक दिन पहले यह पाबंदी लागू होगी तथा स्नान के दो दिन बाद तक प्रभावी रहेगी।
श्रद्धालुओं के लिए सलाह:
रेलवे प्रशासन ने अपील की है कि श्रद्धालु स्टेशन पहुँचने से पूर्व निर्धारित रूटों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि भीड़-भाड़ और असुविधा से बचा जा सके। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के प्रति विशेष सावधानी बरतने की भी सलाह दी गई है।
(न्यूज़ डेस्क प्रयागराज, 7007133475)

0 टिप्पणियाँ