बिंदकी अग्निशमन केंद्र को 13.13 करोड़ की सौगात, नए भवनों से मजबूत होगी फायर सर्विस

सियासत पर नजर, फतेहपुर 

                                         (हर खबर पर हमारी पकड़)

बिंदकी अग्निशमन केंद्र को 13.13 करोड़ की सौगात, नए भवनों से मजबूत होगी फायर सर्विस

फतेहपुर/बिंदकी।

जनपद फतेहपुर के बिंदकी क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। बिंदकी अग्निशमन केंद्र को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार ने आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण के लिए कुल 13.13 करोड़ रुपये (1313.27 लाख रुपये) की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।


यह महत्वपूर्ण पहल बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह ‘जैकी’ के लगातार प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। उन्होंने लंबे समय से अग्निशमन केंद्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित किया था।

जारी आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय के पत्र संख्या-ग्यारह-173-2007, दिनांक 06 मार्च 2026 के आधार पर वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रथम किश्त के रूप में 6 करोड़ 56 लाख 63 हजार रुपये (₹6,56,63,000) की धनराशि अवमुक्त करने की स्वीकृति दी गई है। यह राशि राज्यपाल की मंजूरी से निर्धारित शर्तों के अधीन जारी की गई है।

निर्देश दिए गए हैं कि नामित कार्यदायी संस्था द्वारा निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा, यानी 18 माह के भीतर पूरा किया जाए। इससे परियोजना का लाभ जल्द से जल्द क्षेत्रवासियों तक पहुंच सकेगा।

गौरतलब है कि वर्ष 1996 में स्थापित बिंदकी अग्निशमन केंद्र लंबे समय से संसाधनों की कमी से जूझ रहा था। यहां न तो पर्याप्त आवासीय भवन थे और न ही स्टाफ के लिए उचित क्वार्टर एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध थीं। इस कारण फायर सर्विस की कार्यक्षमता पर असर पड़ रहा था।

अब नए भवनों के निर्माण से न केवल अग्निशमन कर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि आपात स्थिति में उनकी प्रतिक्रिया क्षमता भी तेज होगी। इससे आगजनी की घटनाओं में नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी और आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

इस उपलब्धि पर विधायक जयकुमार सिंह ‘जैकी’ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बिंदकी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे और भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ