सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर राष्ट्रीय लोक अदालत में 2,67,831 मामलों का निस्तारण, 13 करोड़ से अधिक अर्थदण्ड वसूला
फतेहपुर, 14 मार्च 2026।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फतेहपुर के तत्वावधान में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सुधीर कुमार के निर्देशन में यह लोक अदालत दीवानी न्यायालय परिसर, ग्राम न्यायालय बिंदकी, बाह्य न्यायालय खागा तथा तहसील सदर, खागा और बिंदकी सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित की गई।
राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ दीवानी न्यायालय परिसर स्थित मीटिंग हॉल में माननीय जनपद न्यायाधीश श्री सुधीर कुमार द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मोटर वाहन दुर्घटना न्यायाधिकरण के पीठासीन अधिकारी श्री शकील उर रहमान खान, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश श्री राजेश उपाध्याय, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री पलाश गांगुली सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
जनपद न्यायाधीश के नेतृत्व में आयोजित इस लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों, राजस्व न्यायालयों, बैंकिंग संस्थानों, विद्युत विभाग, श्रम विभाग, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों और अन्य विभागों द्वारा बड़ी संख्या में लंबित मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया।
माननीय जनपद न्यायाधीश ने न्यायिक अधिकारियों को अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के माध्यम से करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव, पीएलवी और स्टाफ द्वारा हेल्पडेस्क स्थापित कर वादकारियों को सहयोग प्रदान किया गया।
लोक अदालत के दौरान विभिन्न न्यायालयों में कई मामलों का निस्तारण हुआ। मोटर वाहन दुर्घटना न्यायाधिकरण द्वारा 46 मामलों का निस्तारण करते हुए लगभग 3 करोड़ 46 लाख रुपये का प्रतिकर दिलाया गया। परिवार न्यायालय द्वारा कुल 38 वैवाहिक मामलों का निस्तारण किया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट और अन्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालयों द्वारा भी बड़ी संख्या में दाण्डिक मामलों का निस्तारण कर अर्थदंड वसूला गया।
इसके अलावा राजस्व न्यायालयों द्वारा 2,63,964 मामलों का निस्तारण किया गया। नगर पालिका परिषद द्वारा 1540 मामलों का निस्तारण करते हुए 2 लाख 40 हजार रुपये से अधिक शुल्क वसूला गया। बैंकिंग संस्थानों द्वारा 679 मामलों में 6 करोड़ 73 लाख रुपये की वसूली की गई। विद्युत विभाग द्वारा 974 मामलों में 10 लाख 70 हजार रुपये से अधिक की वसूली की गई, जबकि श्रम विभाग द्वारा 384 मामलों में लगभग 53 लाख रुपये अर्थदंड के रूप में जमा कराया गया।
इस प्रकार राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 2,67,831 मामलों का निस्तारण करते हुए 13 करोड़ 27 लाख 23 हजार 844 रुपये अर्थदंड और शुल्क के रूप में वसूले गए। यह संख्या 13 दिसंबर 2025 को आयोजित लोक अदालत की तुलना में 25,890 अधिक मामलों के निस्तारण के साथ उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं माननीय जनपद न्यायाधीश श्री सुधीर कुमार, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत श्री राम किशोर तृतीय तथा सचिव श्री पलाश गांगुली ने सभी न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और मीडियाकर्मियों का लोक अदालत को सफल बनाने में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)




0 टिप्पणियाँ