सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
कल्यानपुर में पुलिस मुठभेड़: एक घायल, 8 गिरफ्तार, बकरी चोरी गैंग का भंडाफोड़
फतेहपुर, 23 मार्च 2026।
जनपद के थाना कल्यानपुर क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में बकरी चोरी करने वाले एक संगठित गैंग का पर्दाफाश हुआ है।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष सुमित देव पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गुनीर तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तीन चार पहिया वाहनों में सवार कुछ संदिग्ध लोग तेज रफ्तार से आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी लवलेश निषाद के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। मौके पर ही पुलिस ने अन्य 8 आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया। घायल को तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
👥 गिरफ्तार और घायल आरोपी
घायल आरोपी की पहचान लवलेश निषाद (निवासी टीकापुर, हमीरपुर) के रूप में हुई है। इसके अलावा राज निषाद, सूरज, अरविन्द निषाद, जितेन्द्र, रमन पाण्डेय, अमित राज, रिंकू और पंकज सोनकर को गिरफ्तार किया गया।
🐐 बकरी चोरी गैंग का खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 17 मार्च को ग्राम गुगौली में हुई बकरी चोरी की घटना में उनका ही हाथ था। साथ ही थाना गाजीपुर और जहानाबाद क्षेत्रों में दर्ज बकरी चोरी के मामलों में भी उनकी संलिप्तता सामने आई है।
🚗 बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
तीन चार पहिया वाहन (XUV-300, बोलेरो, वैगन-आर)
एक तमंचा 315 बोर, 2 जिंदा कारतूस व 1 खोखा
10 मोबाइल फोन
₹58,100 नकद (बकरी बिक्री से प्राप्त)
बरामद किए हैं।
📂 आपराधिक इतिहास
मुख्य आरोपी लवलेश निषाद पर पहले से हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
👮 पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है। इस सफल ऑपरेशन से क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोह पर बड़ी चोट मानी जा रही है।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ