सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर में निजी स्कूलों की फीस, यूनिफॉर्म व किताबों पर सख्ती, DIOS ने बुलाई समीक्षा बैठक
फतेहपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय द्वारा जनपद के विभिन्न निजी विद्यालयों पर शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए शुल्क, किताबें, यूनिफॉर्म एवं अन्य शैक्षिक सामग्री को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है। इस संबंध में 15 अप्रैल 2026 को जारी पत्र के माध्यम से सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं नोडल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जारी पत्र के अनुसार, जनपद के लगभग 27 प्रमुख विद्यालयों—जिनमें केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय सहित अन्य निजी शिक्षण संस्थान शामिल हैं—को निर्देशित किया गया है कि वे कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों से लिए जाने वाले शुल्क का पूरा विवरण विद्यालय की वेबसाइट पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें।
इसके अलावा, किसी भी विद्यालय को छात्रों के लिए किताबें, जूते, मोजे एवं यूनिफॉर्म किसी एक निश्चित दुकान से खरीदने के लिए बाध्य नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। यह कदम अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया है कि कक्षा 9 से 12 तक एनसीईआरटी की पुस्तकों को ही अनिवार्य रूप से लागू किया जाए। इसके अनुपालन की जांच के लिए 7 अप्रैल 2026 को सुबह 8 बजे विद्यालयों में निरीक्षण भी किया गया था, जिसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।
इसी क्रम में, अनुपालन की समीक्षा हेतु 17 अप्रैल 2026 को दोपहर 12 बजे जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, नोडल अधिकारियों एवं ब्लॉक नोडल अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
प्रशासन द्वारा उठाए गए इन कदमों से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और अभिभावकों को राहत देने की उम्मीद जताई जा रही है।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ