हमीरपुर में दिव्यांगजनों से बसों में अभद्रता, फर्जी स्मार्ट कार्ड नियम से बढ़ी परेशानी

सियासत पर नजर, फतेहपुर 

  ‌‌                                        (हर खबर पर हमारी पकड़)

हमीरपुर में दिव्यांगजनों से बसों में अभद्रता, फर्जी स्मार्ट कार्ड नियम से बढ़ी परेशानी

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम की बसों में दिव्यांगजनों को निःशुल्क यात्रा के प्रावधान के बावजूद हाल के दिनों में एक भ्रामक समाचार के चलते जनपद के दिव्यांगजन गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासन द्वारा जारी नियमों में स्पष्ट है कि दिव्यांगजन निःशुल्क यात्रा के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा जारी चिकित्सीय प्रमाण पत्र के साथ आधार कार्ड अथवा यूडीआईडी कार्ड दिखाकर यात्रा कर सकते हैं। किन्तु हाल ही में एक समाचार पत्र में यह प्रकाशित किया गया कि अब निःशुल्क यात्रा हेतु “स्मार्ट कार्ड” अनिवार्य होगा, जिसे स्कैन कर ओटीपी के माध्यम से शून्य मूल्य का टिकट जारी किया जाएगा।


यह समाचार पूर्णतः भ्रामक साबित हुआ है, क्योंकि न तो उत्तर प्रदेश सरकार, न परिवहन विभाग और न ही दिव्यांग सशक्तीकरण विभाग द्वारा ऐसा कोई आदेश जारी किया गया है। इस संबंध में सहायक क्षेत्रीय परिवहन विभाग, महोबा द्वारा भी स्पष्ट किया गया है कि स्मार्ट कार्ड जैसी कोई व्यवस्था वर्तमान में लागू नहीं है और इसका खंडन भी किया जा चुका है।

इसके बावजूद, परिवहन विभाग के कुछ परिचालकों द्वारा उक्त भ्रामक समाचार को आधार बनाकर दिव्यांगजनों से स्मार्ट कार्ड की मांग की जा रही है। कार्ड न दिखाने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है, यहां तक कि बस से उतारने जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं। इससे दिव्यांगजन सार्वजनिक रूप से अपमानित हो रहे हैं और उन्हें मजबूरन टिकट लेकर यात्रा करनी पड़ रही है।

इस गंभीर स्थिति को लेकर सक्षम संगठन के प्रांत अध्यक्ष देवनारायण सोनी ने जिलाधिकारी/दिव्यांगजन उपायुक्त हमीरपुर को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने अनुरोध किया है कि सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक हमीरपुर/राठ को निर्देशित किया जाए कि वे शासनादेशों के अनुसार ही दिव्यांगजनों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराएं और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करें।

उन्होंने यह भी कहा कि दिव्यांगजनों के आत्मसम्मान की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस प्रकार की घटनाएं उनके सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही हैं।

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ