विश्व थैलेसीमिया दिवस पर फतेहपुर में रक्तदान शिविर, 26 यूनिट रक्त संग्रहित

सियासत पर नजर,  फतेहपुर 

                                         (हर खबर पर हमारी पकड़)

विश्व थैलेसीमिया दिवस पर फतेहपुर में रक्तदान शिविर, 26 यूनिट रक्त संग्रहित

फतेहपुर, 08 मई, 2026

विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर गुरुवार को फतेहपुर जनपद के गोपाल नगर स्थित मानस रक्त केंद्र में सक्षम प्राणदा प्रकोष्ठ, सक्षम की जिला इकाई फतेहपुर एवं सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 26 यूनिट रक्तदान किया।


कार्यक्रम का आयोजन सक्षम के प्रांत उपाध्यक्ष पीयूष द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा प्राणदा प्रकोष्ठ के प्रांत अध्यक्ष गुरमीत सिंह बग्गा के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। शिविर का शुभारंभ डीएवी किड्स केयर स्कूल की प्रिंसिपल गीतांजलि सिंह एवं राष्ट्रपति अवॉर्डी तथा प्राथमिक विद्यालय अस्ती की प्रधानाध्यापिका आसिया फारुकी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।


उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों और बच्चों को समय-समय पर रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति का दायित्व है कि वह रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता करे।


रक्तदान शिविर में युवाओं का विशेष उत्साह देखने को मिला। उत्कृष्ट काउंसलिंग एवं जागरूकता के चलते कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान किया। सक्षम के चरैवेति प्रकोष्ठ के प्रांत प्रमुख धीरेंद्र गुप्त, गीतांजलि सिंह, अरमान सहित कई युवाओं ने प्रथम बार रक्तदान करते हुए इसे आत्मिक संतोष का अनुभव बताया और भविष्य में भी नियमित रक्तदान करने का संकल्प लिया।


शिविर में रक्तदान करने वालों में मो. बशीर, शिव बहादुर, योगेश कुमार, मनीष कुमार, पुष्पेंद्र सिंह, सक्षम के जिला सचिव सीताराम सिंह चौहान, युवा आयाम प्रमुख नवीन सिंह चौहान, रोजगार आयाम प्रमुख राजेश कुमार, शिक्षक प्रवेश अवस्थी, सचिन, प्रभाकर, मोहम्मद आलम, गीतांजलि सिंह, हितेंद्र सिंह, जिला सह सचिव जितेंद्र शुक्ला, चरैवेति प्रकोष्ठ के प्रांत प्रमुख धीरेंद्र गुप्ता, शोएब हुसैन, मोहम्मद अली, अनुज कुमार, तुषार श्रीवास्तव, मुकेश भारती, गोलू, दीपराज गुप्ता, अरविंद, योगेंद्र, विजय सिंह, रोहित सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।


कार्यक्रम के दौरान सभी रक्तदाताओं का माल्यार्पण एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान न केवल किसी व्यक्ति का जीवन बचाता है, बल्कि समाज में सेवा, संवेदना और मानवता की भावना को भी मजबूत करता है।


आयोजकों ने बताया कि महिलाओं, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि फतेहपुर जनपद में सेवा कार्यों के प्रति लोगों में जागरूकता लगातार बढ़ रही है। भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।


शिविर पूर्णतः प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें कुल 26 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। कार्यक्रम के अंत में पीयूष द्विवेदी, गुरमीत सिंह बग्गा एवं सीताराम सिंह चौहान ने चिकित्सकीय टीम के डॉ. कैलाश पटेल, अमन यादव, अनामिका, अनुस, अंजलि, विष्णु तथा सहयोगी संस्थाओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ