सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर पुलिस मुठभेड़ में ₹1 लाख का इनामिया बबलू सिंह घायल, अवैध तमंचा बरामद
फतेहपुर | 07 मई 2026
जनपद फतेहपुर में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खागा, हथगांव, थरियांव पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। गुरुवार देर रात थाना खागा क्षेत्र के ससुर खदेरी नदी के पास जंगल में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान ₹1 लाख का इनामिया अभियुक्त बबलू सिंह पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार घायल अभियुक्त की पहचान बबलू सिंह पुत्र धर्मराज उर्फ मन्ना सिंह निवासी गढ़ी कस्बा थाना खागा, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 28 वर्ष बताई जा रही है। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया।
घायल अभियुक्त के कब्जे से पुलिस ने एक अवैध तमंचा 315 बोर, चार खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा ₹1600 नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी थाना खागा में दर्ज मु0अ0सं0 115/26 के तहत वांछित चल रहा था। उसके विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है, जिसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धारा 66(E) भी शामिल है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी पर अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन द्वारा ₹1,00,000 का इनाम घोषित किया गया था। अब तक की जानकारी के अनुसार उसके विरुद्ध थाना खागा में चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
फतेहपुर पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। संयुक्त पुलिस टीम की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़े इनामिया अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)




0 टिप्पणियाँ