सियासत पर नजर, प्रयागराज
(हर खबर पर हमारी पकड़)
प्रयागराज: राहुल गांधी का 8 अगस्त का छात्र संवाद कार्यक्रम रद्द, केपी कॉलेज मैदान की बुकिंग निरस्त
प्रयागराज। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी कॉलेज मैदान में प्रस्तावित 'छात्र संवाद' कार्यक्रम फिलहाल अनिश्चितता के दौर में पहुंच गया है। कार्यक्रम के लिए पूर्व में स्वीकृत मैदान की बुकिंग को केपी ट्रस्ट ने निरस्त कर दिया है, जिससे कांग्रेस की तैयारियों पर असर पड़ा है।
केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार शैक्षणिक संस्थानों में छात्रों की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं होना चाहिए। इसी को ध्यान में रखते हुए मैदान उपलब्ध कराने की अनुमति वापस ली गई है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि लगातार हो रही बारिश के कारण मैदान की स्थिति खराब होने की आशंका है। यदि बड़े राजनीतिक कार्यक्रम के कारण मैदान क्षतिग्रस्त होता है तो उसे दोबारा उपयोग योग्य बनाने में समय और अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता पड़ेगी। इन परिस्थितियों को देखते हुए ट्रस्ट ने पहले जारी की गई अनुमति निरस्त कर दी है तथा कांग्रेस द्वारा जमा कराई गई बुकिंग राशि वापस करने के निर्देश भी दिए हैं।
इस फैसले के बाद कांग्रेस संगठन में हलचल तेज हो गई है। पार्टी की केंद्रीय विधि टीम और स्थानीय पदाधिकारी ट्रस्ट तथा प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं ताकि कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में कोई वैकल्पिक समाधान निकाला जा सके।
फिलहाल कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम के नए स्थल अथवा संशोधित योजना को लेकर मंथन जारी है। आने वाले दिनों में पार्टी की ओर से इस संबंध में आधिकारिक घोषणा किए जाने की संभावना है। वहीं राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को लेकर विभिन्न चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। फिलहाल कार्यक्रम के आयोजन को लेकर अंतिम निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।
(न्यूज़ डेस्क प्रयागराज/फतेहपुर, 99936330179)

0 टिप्पणियाँ