सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
अंतर्राज्यीय साइबर अपराधी गिरफ्तार, टाटा कंपनी के नाम पर 11.80 लाख की धोखा-धड़ी
फतेहपुर 18 सितम्बर, 2024
फतेहपुर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए टाटा कंपनी के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर 11.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले अंतर्राज्यीय साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त पंकज शर्मा को पश्चिम बंगाल के भाटपारा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी अपराध के निकट पर्यवेक्षण में यह गिरफ्तारी की गई। पंकज शर्मा ने टाटा जूडियो की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर लोगों से पैसे जमा करवाए थे। इस मामले में फतेहपुर साइबर थाना में पीड़ित प्रियांक रस्तोगी की शिकायत पर अभियोग पंजीकृत किया गया था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक एंड्रॉइड मोबाइल और 40,000 रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि पंकज शर्मा ने कई बैंकों में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खाते खोले थे और ऑनलाइन धोखाधड़ी के जरिए बड़ी रकम हासिल की थी।
पंकज शर्मा ने अन्य अभियुक्तों के साथ मिलकर विभिन्न कंपनियों के नाम से फर्जी प्रोफाइल गूगल पर बनाई, जिसमें उसने अपना संपर्क नंबर और ईमेल आईडी अपलोड कर फ्रेंचाइजी देने का झांसा दिया। पुलिस जांच में करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है, जिसे अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से किया गया था।
अपराधी के खिलाफ पहले से भी कई राज्यों में धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। गुजरात के खेड़ा जिले में जुबिलेंट फूड वर्क्स लिमिटेड के नाम पर 66 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में भी वह शामिल पाया गया है।
फतेहपुर पुलिस ने आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर अदालत में पेश किया, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है।
(ब्यूरो चीफ फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ