सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
दहेज के लिए मौत? फतेहपुर में युवती का शव ससुराल में फंदे से लटका मिला
दहेज के लोभ में बुझी एक और बेटी की चिता, फतेहपुर के सात्तेपुर गांव में ससुराल में मिला युवती का शव
फतेहपुर, उत्तर प्रदेश।
जिले के मलवा थाना क्षेत्र के सात्तेपुर ग्राम में सोमवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक नवविवाहिता का शव उसके ससुराल में संदिग्ध हालात में फंदे से लटकता पाया गया। मृतका की पहचान सीमा (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज एक साल पहले ही पारिवारिक रीति-रिवाजों से संपन्न हुई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही युवती के मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि सीमा को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के पिता ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा सोने की चेन और अंगूठी सहित अन्य दहेज की वस्तुओं की मांग की जाने लगी थी। जब वे इन मांगों को पूरा करने में असमर्थ रहे, तो बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
परिजनों का दावा है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि पूर्व नियोजित हत्या है। उन्होंने पति, सास और ससुर पर आरोप लगाया है कि इन्होंने मिलकर सीमा को फांसी पर लटका कर उसकी हत्या कर दी और मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
मौके पर पहुंची मलवा थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
गांव में मातम का माहौल:
सात्तेपुर गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों में आक्रोश है और वे दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
(डेस्क, सियासत पर नजर फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ