सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
राजकीय सम्मान से मनाई जाएगी बाबा साहब भीमराव आंबेडकर जयंती: 14 से 28 अप्रैल तक विशेष कार्यक्रम
फतेहपुर! स्वतंत्रता के अमृत काल में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की 134वीं जयंती 14 अप्रैल, 2025 को पूरे फतेहपुर जनपद में राजकीय सम्मान और धूमधाम से मनाई जाएगी। यह आयोजन "हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान" टैगलाइन के अंतर्गत 14 से 28 अप्रैल तक 15 दिवसीय कार्यक्रम उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।
इस आयोजन के सफल क्रियान्वयन हेतु जिलाधिकारी श्री रविन्द्र सिंह के नेतृत्व और मुख्य विकास अधिकारी श्री पवन कुमार मीना के पर्यवेक्षण में व्यापक तैयारियाँ की गई हैं।
स्वच्छता अभियान से हुई शुरुआत:
आंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या 13 अप्रैल को पूरे जिले में व्यापक स्वच्छता और सजावट अभियान चलाया गया। पार्कों, स्मारकों, सार्वजनिक स्थलों, और डॉ. आंबेडकर सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, सजावट, वॉल पेंटिंग और प्रकाश की व्यवस्था की गई।
मुख्य कार्यक्रम – 14 अप्रैल:
14 अप्रैल को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं माननीय जनप्रतिनिधिगण की उपस्थिति में बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके साथ ही डॉ. आंबेडकर के विचारों एवं संविधान निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित करते हुए संगोष्ठियाँ, पोस्टर-बैनर प्रदर्शन, प्रभात फेरी और झंडा रोहण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
15 दिवसीय कार्यक्रम उत्सव:
मुख्य विकास अधिकारी श्री पवन कुमार मीना ने बताया कि 14 से 28 अप्रैल तक जनपद की सभी तहसीलों, विकास खंडों, ग्राम सभाओं और पंचायतों में डॉ. आंबेडकर से जुड़ी विचारगोष्ठियाँ, संविधान उद्देशिका व मौलिक अधिकारों पर चर्चा, निबंध प्रतियोगिताएँ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
निरीक्षण और दिशा-निर्देश:
अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ. अविनाश त्रिपाठी एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री धीरेंद्र प्रताप द्वारा सभी तहसीलों व निकायों में चल रहे स्वच्छता कार्यक्रमों का निरीक्षण किया गया एवं आवश्यक निर्देश दिए गए।
यह आयोजन न केवल बाबा साहब के विचारों और कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम बनेगा, बल्कि समाज में समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय की भावना को और भी मजबूती प्रदान करेगा।
(ब्यूरो चीफ फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ