सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर में हाईटेंशन लाइन गिरने से 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख
फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)! फतेहपुर जिले की बिंदकी तहसील के अंतर्गत आने वाले रेवाड़ी रामपुर गांव में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात एक बड़ा हादसा हो गया।
रात लगभग 1:00 बजे गांव से करीब 500 मीटर दूर खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गेहूं के खेतों में गिर गया। तेज चिंगारी से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और चारों तरफ फैल गई। खेतों में खड़ी लगभग 20 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग की लपटें देखकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिशें करने लगे।
सूचना मिलने पर पुलिस की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। गांव की विद्युत आपूर्ति रेवाड़ी विद्युत उपकेंद्र से होती है। ग्रामवासी रवि द्विवेदी ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद की गई।
गांववालों और दमकल विभाग की संयुक्त कोशिशों के बावजूद आग पर काबू पाने में तीन घंटे से अधिक का समय लग गया। तब तक हजारों रुपयों की फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जयशंकर ने बताया कि रात में ही पुलिस 112 और विद्युत विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन आग की तीव्रता इतनी थी कि वह काबू से बाहर हो गई। कई किसानों की मेहनत बर्बाद हो गई है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। किसान प्रशासन से तत्काल मुआवजे की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिजली विभाग की टीम समय पर सक्रिय होती, तो शायद इतना बड़ा नुकसान टाला जा सकता था।
(ब्यूरो चीफ फतेहपुर, 9936330179)


0 टिप्पणियाँ