सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
पनीर के लिए घमासान: शादी में सिरफिरे ने मंडप पर चढ़ाई बस
चंदौली, मुगलसराय।
पनीर के लिए बवाल: शादी में मिनी बस को चढ़ाया मंडप के ऊपर, 5 घायल, दो की हालत नाजुक!
चंदौली, मुगलसराय मे शादी का घर, ढोल नगाड़े, सजता मंडप और खुशियों का माहौल — लेकिन एक प्लेट पनीर ने सबकुछ तहस-नहस कर दिया!
शनिवार रात मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हमीदपुर गांव में कुछ ऐसा हुआ, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। यहां शादी समारोह के दौरान पनीर न मिलने से नाराज एक सिरफिरे युवक ने गुस्से में आकर मंडप पर मिनी बस चढ़ा दी, जिससे वहां अफरातफरी मच गई। हादसे में दूल्हे के पिता और दुल्हन के चाचा समेत पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
कैसे पनीर बना फसाद की जड़:
वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के पहाड़ी गांव से राजनाथ यादव के यहां बारात आई थी। सबकुछ खुशी-खुशी चल रहा था। इसी दौरान गांव का एक युवक खाने में पनीर की डिमांड लेकर पहुंचा। ज्यादा पनीर मांगने पर विवाद हो गया और लड़की के पिता ने गुस्से में आकर उसके सिर पर कलछुल (खाना परोसने वाला बड़ा चम्मच) से वार कर दिया।
बस फिर क्या था! अपमान का बदला लेने निकला युवक। वह अपनी मिनी बस लेकर आया और मंडप पर चढ़ा दी। चारों तरफ भगदड़ मच गई। मंडप में बैठे लोग घायल हो गए।
घायलों का वाराणसी में इलाज:
हादसे में घायल हुए लोगों को आनन-फानन में वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां दूल्हे के पिता और दुल्हन के चाचा की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद शादी की रस्में भी रोक दी गईं। पूरी रात तनाव भरा माहौल रहा।
रविवार सुबह गांव के संभ्रांत लोगों और पुलिस की समझाइश के बाद किसी तरह शादी संपन्न कराई गई।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश:
मुगलसराय कोतवाली के इंस्पेक्टर गगन राज सिंह ने बताया कि आरोपी युवक शादी में खाना खाने आया था। पनीर को लेकर विवाद हुआ, जिससे नाराज होकर उसने मंडप पर बस चढ़ा दी। आरोपी फरार है और वाहन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
(ब्यूरो चीफ)



0 टिप्पणियाँ