सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर नगर में स्वयंसेवकों की भव्य सहभागिता से सम्पन्न हुआ पथ संचलन
फतेहपुर (नगर संवाददाता)।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) फतेहपुर नगर द्वारा 27 अप्रैल 2025, रविवार को आयोजित पथ संचलन कार्यक्रम अत्यंत भव्य और अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में लगभग एक हजार स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश और दंड सहित उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ संघ कार्यालय चौक, फतेहपुर से गणवेश वितरण के साथ हुआ। सभी स्वयंसेवक निर्धारित समय पर आईटीआई मैदान फतेहपुर में एकत्र हुए। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन, समरसता एवं संगठन शक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया।
पथ संचलन का प्रारंभ आई टी आई मैदान से हुआ और साईं मंदिर, हरिहरगंज, रेलबाजार, शादीपुर नाका (चौराहा), पटेल नगर चौराहा होते हुए आई टी आई मैदान में सम्पन्न हुआ।
पथ संचलन मार्गों पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया और देशभक्ति नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
इस आयोजन के प्रमुख संयोजक जिला व्यवस्था प्रमुख हरिपाल जी, कार्यालय प्रमुख रामखेलावन जी एवं सह नगर कार्यवाह प्रान्सु जी रहे। नगर संचालक पुरुषोत्तम जी एवं नगर कार्यवाह नीरज जी के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने अनुशासन का श्रेष्ठतम उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने उपस्थित स्वयंसेवकों को संगठन की शक्ति, सेवा कार्यों और राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय योगदान के लिए प्रेरित किया।
उपरोक्त कार्यक्रम में संघ विचार परिवार के सभी संगठनों का, विशेष रूप से समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) के कार्यकर्ता बन्धुओं की सहभागिता रही।
पथ संचलन के माध्यम से संघ ने समाज में सौहार्द, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का संदेश फैलाया, जिससे नगर में एक सकारात्मक वातावरण का निर्माण हुआ।
(पियूष द्विवेदी, 9936330179)




0 टिप्पणियाँ