सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
पांच शादियों के बाद अब देवर से इश्क! पति ने पत्नी पर लगाए चौंकाने वाले आरोप
फतेहपुर, 23 जून 2025
फतेहपुर जिले के राधानगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला पारिवारिक मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी पर न केवल पांच शादियां करने, बल्कि अब अपने ही देवर से अवैध संबंध रखने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़ित युवक पंकज अग्रहरी, जो पेशे से सब्जी विक्रेता है, ने बताया कि उसकी शादी 16 अप्रैल 2024 को बाँदा जिले के मरका थाना क्षेत्र की रहने वाली गुड़िया नामक महिला से हुई थी। पंकज का दावा है कि शादी के कुछ महीनों बाद ही पत्नी का व्यवहार बदल गया और वह उसे प्रताड़ित करने लगी।
पंकज के अनुसार, गुड़िया पहले से ही चार बार शादी कर चुकी है, जिनमें से तीन शादियाँ फतेहपुर जिले में ही हुई थीं। पंकज स्वयं गुड़िया का पाँचवाँ पति है।
उसने बताया कि शादी के बाद गुड़िया ने घर का सारा जेवर, नकदी और अन्य सामान अपने मायके भिजवा दिया और कुछ ही समय बाद पंकज व उसके माता-पिता को घर से निकाल दिया। इतना ही नहीं, पत्नी ने कई बार बाहरी युवकों को बुला कर मारपीट भी करवाई।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि अब गुड़िया पंकज के छोटे भाई के साथ ही रह रही है। पंकज का कहना है कि वह अब भी पत्नी को अपनाने को तैयार है, लेकिन वह उसके भाई से कोई संबंध न रखे, तभी वह साथ रखेगा।
पंकज ने कहा, "मेरी पत्नी ने शादी को व्यापार बना लिया है। वह शादी करके सामान लेती है और फिर किसी और के साथ चली जाती है।"
पीड़ित ने यह भी बताया कि उसे अपनी जान का खतरा है क्योंकि उसकी पत्नी ने उस पर पहले भी हमला करवाया है।
घटना की लिखित शिकायत पंकज ने संबंधित थाना व उच्च अधिकारियों को दी है और न्याय की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की तहकीकात जारी है।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ