सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर में बड़ी कार्रवाई: अवैध भंडारण से 88 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद, FIR दर्ज
फतेहपुर, 28 जून 2025:
फतेहपुर जनपद के हुसैनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत उन्नौर के मजरे सहिमापुर में आज जिला आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रखे गए 88 घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडारण पकड़ा है।
गुप्त सूचना पर की गई इस छापेमारी का नेतृत्व खाद्य क्षेत्र प्रथम फतेहपुर के क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी श्री अमरेन्द्र त्रिवेदी ने किया। कार्रवाई के दौरान एक मकान से इंडियन ऑयल के 14.2 किलोग्राम भार वाले 44 भरे और 42 खाली सिलेंडर, तथा दो 10 किलोग्राम भार वाले प्लास्टिक खाली सिलेंडर बरामद किए गए।
पूछताछ में मकान स्वामी गंगा सिंह पुत्र जगतपाल सिंह, निवासी सहिमापुर ने स्वीकार किया कि वह इन सिलेंडरों की खरीद-बिक्री करता है। लेकिन वह इस कारोबार के लिए कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
यह कार्य द्रवित पेट्रोलियम गैस (विनियमन एवं वितरण) आदेश, 2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 का उल्लंघन है, जो दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।
इस आधार पर जिलाधिकारी फतेहपुर की अनुमति के उपरांत थाना हुसैनगंज में दिनांक 28 जून 2025 को एफआईआर दर्ज कराई गई है। बरामद सभी सिलेंडरों को शास्त्री इंडेन गैस सर्विस के सुपुर्द किया गया है, जिन्हें भविष्य में सक्षम अधिकारी या न्यायालय के आदेश पर प्रस्तुत किया जाएगा।
🎤 बाइट:
सुनील पुष्कर, जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा: "यह कार्रवाई विभाग की सजगता का परिणाम है। आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे अवैध कार्यों पर लगातार नजर रखी जा रही है।"
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)



0 टिप्पणियाँ