सेवा निवृत्त हुए सैय्यद आसिम अली: पत्रकारिता प्रेम और कर्तव्यपरायणता की मिसाल

सियासत पर नजर, फतेहपुर 

                                 (हर खबर पर हमारी पकड़)

सेवा निवृत्त हुए सैय्यद आसिम अली: पत्रकारिता प्रेम और कर्तव्यपरायणता की मिसाल


फतेहपुर,  01 अगस्त 2025

गत दिवस जिला सूचना कार्यालय फतेहपुर के लिए एक भावुक क्षण रहा, जब सैय्यद आसिम अली — कार्यालय में तैनात उर्दू अनुवादक एवं प्रधान सहायक — अपनी अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवा निवृत्त हो गए।


आसिम अली वर्ष 1996 से जिला सूचना कार्यालय का अभिन्न हिस्सा रहे। इन लगभग तीन दशकों में उन्होंने पत्रकारिता और जनसंपर्क के क्षेत्र में अपने सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, समर्पण एवं गंभीर कार्यशैली से जो पहचान बनाई, वह हमेशा स्मरणीय रहेगी।


उनका संवाद-संस्कार, मृदु भाषिता, और पत्रकारों के साथ आत्मीयता से जुड़ाव उन्हें सभी के बीच प्रिय बनाता रहा। नब्बे के दशक से उन्होंने पत्रकारिता को बेहद नजदीक से देखा, समझा और अनुभव किया। यही कारण रहा कि उनकी रिपोर्टिंग, प्रेस विज्ञप्तियाँ और पत्रकार संवाद अत्यंत प्रभावशाली और संतुलित होती थीं।


आज जब उन्होंने कार्यालय को अलविदा कहा, तब न केवल उनके सहकर्मी बल्कि पत्रकार जगत भी एक गहरे भावनात्मक क्षण का साक्षी बना। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी कार्यालय के एडीआईओ  अनुराग सिंह यादव सहित लेखाकार कारण कुमार, शैलेन्द्र कुमार, वसुधा देवी, शैलेश कुमार, जसवंत कुमार, राजू सिंह और जिले के सम्मानित पत्रकार साथियों जिनमें  पियूष द्विवेदी, डॉ सुहैल अहमद , खलीक अहमद जाफरी , जितेन्द्र त्रिवेदी,  नफीस अहमद जाफरी, श्रीमती रेखा द्विवेदी, राजन सिंह हांड़ा एवं अन्य ने उन्हें पुष्पगुच्छ, उपहार और शुभकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी।


उनकी सेवाएं एक नम्र, सजग और कर्मठ अधिकारी की कहानी कहती हैं, जिन्होंने व्यवस्था और संवेदनशीलता का अद्भुत संतुलन कायम रखा।


इस विदाई में एक सन्नाटा भी था — क्योंकि जो व्यक्ति वर्षों से हर संवाद के केंद्र में रहा, आज चुपचाप मंच से उतर गया। लेकिन पीछे छोड़ गया, एक विरासत — कार्य के प्रति लगाव, भाषा के प्रति आदर और पत्रकारिता के प्रति सम्मान की।


हम सबकी ओर से सैय्यद आसिम अली को उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं और नमन!

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ