अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस पर दिव्यांग बच्चों की प्रस्तुति और सम्मान

सियासत पर नजर, फतेहपुर 

                            ‌‌   (हर खबर पर हमारी पकड़)

अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस पर दिव्यांग बच्चों की प्रस्तुति और सम्मान

अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस का आयोजन

फतेहपुर। दिनांक 23 सितंबर 2025, दिन मंगलवार को श्री कृष्ण आदर्श विद्या मंदिर, मूकबधिर एवं मंदबुद्धि दिव्यांग शैक्षिक व्यावसायिक एवं पुनर्वासन विद्यालय द्वारा खंभापुर (फतेहपुर) में बधिर लोगों के अंतर्राष्ट्रीय सप्ताह के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रगति मिश्रा एवं प्रबंधक सीताराम यादव ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण कर किया।


मुख्य अतिथि प्रगति मिश्रा ने मूक एवं श्रवण दोष दिव्यांगता की रोकथाम, सांकेतिक भाषा के महत्व तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की। वहीं, मनोज भारद्वाज ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 19 दिसंबर 2017 को 23 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस घोषित किया था। इस वर्ष की थीम रही – “सांकेतिक भाषा अधिकारों के बिना कोई मानवाधिकार नहीं”।


प्रबंधक सीताराम यादव ने भारतीय सांकेतिक भाषा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, दिल्ली की स्थापना और उसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह केंद्र भारतीय सांकेतिक भाषा को बढ़ावा देने, जनशक्ति को प्रशिक्षित करने और अनुसंधान कार्य को प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

सुमन देवी ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यान्वयन समिति ने 23 सितंबर को आजादी का अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा “साइन लैंग्वेज डे” के रूप में मनाने की मंजूरी दी है।

कार्यक्रम में संस्था के मूक-बधिर दिव्यांग बच्चों ने राष्ट्रीय प्रतीक (फूल, चिन्ह, झंडा, फल, पशु, पेड़, पक्षी) और कविताएं “मछली जल की रानी” व “हरा-हरा तोता” सांकेतिक भाषा एवं चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत कीं, जिन्हें देखकर उपस्थित लोग भावविभोर हो उठे।

समापन अवसर पर संस्था की ओर से 37 मूकबधिर एवं मंदबुद्धि दिव्यांग बच्चों को यूनिफॉर्म और फल वितरित किए गए। यह पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नागेश्वर, मुन्नूलाल, चैतन्य कुमार, सर्वेश कुमार, सीमा देवी, पवन कुमार, विश्वेंद्र सिंह, अतुल कुमार शुक्ल, सौम्या कुमारी, पवन कुमार सिंह, सिंधू देवी, संपत सहित विद्यालय परिवार एवं अभिभावक मौजूद रहे।

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ