सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
बहरौली गांव में करंट हादसा: महिला समेत दो की मौत, दो घायल
✒️ राहुल द्विवेदी
बिंदकी (फतेहपुर)। जनपद के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के बहरौली गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। करंट की चपेट में आने से एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
यह हादसा सुबह लगभग 11 बजे उस समय हुआ, जब रीना द्विवेदी (52 वर्ष) पत्नी जितेंद्र उर्फ प्यारेलाल द्विवेदी अपने घर के बरामदे में टीन शेड के नीचे सफाई कर रही थीं। बरामदे में लगे लोहे के पोल में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसका उन्हें अंदाजा नहीं था। जैसे ही उन्होंने पोल को छुआ, वे गंभीर रूप से करंट की चपेट में आ गईं।
रीना देवी की चीख-पुकार सुनकर सामने रहने वाले रघुनाथ द्विवेदी (60 वर्ष) पुत्र रामेश्वर द्विवेदी उन्हें बचाने के लिए दौड़े। दुर्भाग्यवश वे भी करंट की चपेट में आ गए।
रीना देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रघुनाथ द्विवेदी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में रीना देवी को बचाने की कोशिश करते समय उनके पति जितेंद्र द्विवेदी और पुत्र बुद्धू भी करंट की चपेट में आ गए। हालांकि वे गंभीर रूप से घायल नहीं हुए और बाल-बाल बच गए।
इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि टीन शेड में करंट किस कारण से दौड़ रहा था, इसकी जांच प्रशासन द्वारा कराई जा रही है।
स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)


0 टिप्पणियाँ