सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
संदिग्ध परिस्थितियों में 15 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान, गांव में मचा कोहराम
फतेहपुर।
थाना असोथर क्षेत्र के बड़ा तिवारी का डेरा मजरे सरकंडी गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब 15 वर्षीय छात्रा खुशी तिवारी ने घर के अंदर फंखे के कुंडे से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया।
बताया गया कि सरकंडी निवासी देवराज तिवारी की सबसे छोटी बेटी खुशी तिवारी लोकभारती इंटर कॉलेज सरकंडी में कक्षा दस की छात्रा थी। शुक्रवार की रात वह भोजन के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। सुबह जब मां विमला देवी ने दरवाजा खोला तो देखा कि बेटी का शव फंखे से लटक रहा है। यह दृश्य देखकर मां चीख पड़ी और बेहोश होकर गिर गई। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
सूचना पर चौकी इंचार्ज विनोद कुमार निगम पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की जांच कर शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी इंचार्ज के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार रात खुशी मोबाइल देख रही थी, जिस पर मां ने उसे टोका था। इसके बाद सभी सो गए। सुबह उसकी लाश फंदे से लटकती मिली। परिजनों ने बताया कि खुशी पढ़ाई में तेज और आत्मविश्वासी स्वभाव की थी। कुछ दिन पूर्व ही वह मां दुर्गा की पूजा-पाठ और मूर्ति विसर्जन में पूरे उत्साह से शामिल हुई थी।
विद्यालय प्रबंधक जनार्दन त्रिपाठी ने बताया कि खुशी विनम्र और होनहार छात्रा थी। विद्यालय में शिक्षकों और छात्रों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
परिवार में मां विमला देवी, बहन तन्नू और भाई सत्यम (12) के अलावा तीन बड़ी बहनें — कोमल, विभा और निशा शादीशुदा हैं। पिता देवराज तिवारी सूरत में प्राइवेट नौकरी करते हैं और खेती बंटाई पर दी हुई है। घटना की सूचना पाकर वे सूरत से गांव के लिए रवाना हो गए हैं। अंतिम संस्कार उनके आने के बाद किया जाएगा।
घटना के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। मां, बहन और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण उन्हें ढांढस बंधाने में लगे हैं।
चौकी इंचार्ज विनोद कुमार निगम ने बताया कि “शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।”
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ