सियासत पर नजर, लखनऊ
(हर खबर पर हमारी पकड़)
‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला: फेक न्यूज़, एआई और पोषण माह पर पत्रकारों ने साझा किए विचार
लखनऊ, 13 अक्टूबर 2025।
पत्र सूचना कार्यालय (पीआईओ), लखनऊ द्वारा डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ में ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराना और फेक न्यूज़ जैसी आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए संवेदनशील बनाना था।
पोषण माह: स्वस्थ समाज की दिशा में पहल:
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माननीय राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने अपने संबोधन में पोषण माह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “हमारी कोशिश है कि बच्चे पोषित रहें, स्वस्थ रहें और संस्कार से जुड़े रहें। यही सरकार की प्राथमिकता और प्रयास है।”
फेक न्यूज़ और डीपफेक की चुनौती:
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय सिंह ने कहा कि पत्रकारिता अब “येलो जर्नलिज्म” से आगे बढ़कर “डीपफेक” की जटिलताओं तक पहुंच चुकी है।
“पत्रकारों को फेक न्यूज़ के इस दौर में विवेक, दूरदर्शिता और तकनीकी ज्ञान से लैस होना जरूरी है।”
लखनऊ विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभागाध्यक्ष डॉ. मुकुल श्रीवास्तव ने स्लाइड शो के माध्यम से पत्रकारों को फेक न्यूज़ पहचानने और सत्यापन के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि फेक न्यूज़ फैलने के आठ प्रमुख कारण हैं और इससे बचाव के लिए पत्रकारों को डिजिटल युग में अपनी कौशल क्षमता लगातार बढ़ानी होगी।
युवाओं में तंबाकू सेवन पर चिंता:
एसजीपीजीआई के डॉ. गौरव अग्रवाल ने युवाओं में बढ़ते तंबाकू सेवन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा,
“तंबाकू सेवन न केवल स्वास्थ्य बल्कि युवाओं के भविष्य और करियर को भी प्रभावित कर रहा है।”
पत्रकारिता और एआई का संतुलन:
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. उत्कर्ष सिन्हा ने समापन सत्र में कहा कि, “सच्चाई और एआई दोनों आवश्यक हैं, बस ध्यान यह रखना होगा कि आप मशीन का उपयोग करें, मशीन आपका नहीं।”
पत्र सूचना कार्यालय की पहल:
कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए पीआईओ लखनऊ के निदेशक श्री दिलीप शुक्ल ने कहा कि पत्रकारिता एक बड़ी जिम्मेदारी है और सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र विश्वकर्मा ‘हरिहर’ ने किया। इस अवसर पर पत्र सूचना कार्यालय के अधिकारीगण, विश्वविद्यालय परिवार और अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
(न्यूज़ डेस्क, लखनऊ, 7007133475)


0 टिप्पणियाँ