सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
प्रधानमंत्री से लेकर प्रधान भी भाजपा का होगा : प्रकाश पाल
फतेहपुर। भारतीय जनता पार्टी के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल शुक्रवार को फतेहपुर जिले के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पंचायत चुनाव, संगठन विस्तार और बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर खुलकर चर्चा की।
प्रकाश पाल ने बताया कि, "पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं, मतदाता सूची का कार्य जारी है और संभावना है कि चुनाव अप्रैल या मई माह में संपन्न होंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अब बूथ स्तर तक मजबूत हो चुकी है।"
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री भाजपा का है, तो प्रधान भी भाजपा का होना चाहिए। संगठन का लक्ष्य केंद्र से लेकर पंचायत तक भाजपा की सरकार सुनिश्चित करना है।”
प्रकाश पाल ने कहा कि, "भाजपा ने देश में विकास और सुशासन की नई परंपरा स्थापित की है, और पंचायत चुनाव में जनता उसी भरोसे को आगे बढ़ाएगी।"
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि बिहार की जनता ने वह दौर देखा है जब राज्य में जंगलराज था — “बहन-बेटियां असुरक्षित थीं, व्यापारी भय के माहौल में जी रहे थे, और डीएम की पत्नी तक को बंधक बनाकर दुष्कर्म जैसी घटनाएं हुई थीं।”
उन्होंने दावा किया कि अब बिहार की जनता सजग है और एक बार फिर भाजपा गठबंधन (एनडीए) की सरकार बनाएगी।
इसके अलावा उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहने की अपील की।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ